पूर्णिया (बिहार)। कटिहार-जोगबनी रेलखंड (Katihar jogbani railwayline) पर शुक्रवार तड़के बड़ा रेल हादसा हो गया। कसबा थाना क्षेत्र के जवनपुर गुमटी के पास दशहरा मेला देखकर लौट रहे 5 किशोर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में 3 किशोरों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूर्णिया में चल रहा है।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की अहले सुबह करीब 5 बजे जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express Train) किशोरों को कुचलती हुई निकल गई। यह घटना उस वक्त हुई जब सभी किशोर पटरी पार कर रहे थे।
दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे किशोर
मृतक और घायल किशोर पूर्णिया जिले (Purnea District) के बनमनखी प्रखंड के चांदपुर भंगहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी किशोर कसबा में आयोजित दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे थे। इनमें से अधिकांश मखाना फैक्ट्री में काम करते थे। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर
हादसे की सूचना पर कसबा थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रेल पुलिस के अनुसार मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
Read More :