सांगली : महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है। मंदिर परिसर में दीवार गिरने से 6 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
Sangli News: महाराष्ट्र के सांगली (Sangli ) जिले के जत तालुका स्थित मोटेवाडी गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. मरगुबाई देवी के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान तेज आंधी-तूफान के बीच एक दीवार गिरने से 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आंधी से बचने के लिए शेड के नीचे खड़े थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, धार्मिक कार्यक्रम (Religious Program) में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे. इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई. मौसम से बचने के लिए लोग पास में निर्माणाधीन स्थल पर बने टीन शेड के नीचे जाकर खड़े हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के कारण टीन का शेड उड़कर पास की कच्ची चिरा-ईंट की दीवार से टकरा गया. इससे दीवार अचानक भरभराकर श्रद्धालुओं के ऊपर गिर पड़ी।
2 बच्चों समेत छह लोगों की मौत
हादसे में 12 और 13 वर्ष के दो बच्चों सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई. मृतकों में चार लोग महाराष्ट्र के जत तालुका के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि दो लोग पड़ोसी राज्य कर्नाटक के रहने वाले थे।
अन्य पढ़े: West Bengal- ममता बनर्जी का बड़ा बयान, कहा- अकेले आए थे, अकेले ही जाना है
15 घायल, कई की हालत गंभीर
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ घायलों का इलाज जत के अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को कर्नाटक के विजयपुर और महाराष्ट्र के मिरज स्थित अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्रशासन ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया. अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. इस दुखद घटना पर विधान परिषद सदस्य गोपीचंद पडलकर ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
अन्य पढ़े: