श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर(Sri Nagar) के बाबा डेम इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के दो सक्रिय मददगारों को गिरफ्तार किया है। रूटीन नाका चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
हथियार और धमकी भरे पोस्टर बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, तीन मैगजीन, 21 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और लश्कर-ए-तैयबा के 10 धमकी भरे पोस्टर बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरू के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ यूएपीए (UAPA) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने का खुलासा
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी घाटी में सक्रिय लश्कर आतंकियों के लिए काम कर रहे थे और उन्हें लॉजिस्टिक व अन्य मदद पहुंचा रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है।
25 दिनों में 16 मददगार गिरफ्तार
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, कश्मीर घाटी में आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 25 दिनों में विभिन्न इलाकों से अब तक 16 आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले 18 अप्रैल को हवल में चार, 23 अप्रैल को एक महिला समेत चार तथा 26 अप्रैल और 2 मई को भी कई गिरफ्तारियां हुई थीं।
अन्य पढें: सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल: चांदी ₹2.56 लाख के पार
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस और सुरक्षाबलों ने साफ किया है कि घाटी में आतंकवाद और उसके समर्थन तंत्र को खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आतंकी संगठन को स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Read More :