- ईओयू की टीम एक साथ पटना और जमुई समेत चार अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी रही
- पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनीऔर ज्योतिपुरम स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट में कर रही है जांच
पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जमुई के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (Gopal Kumar) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में शनिवार सुबह कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। ईओयू की टीम एक साथ पटना और जमुई समेत चार अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी रही।
आय से 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप
जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई थाने में गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत दर्ज की गई थी। प्राथमिक जांच और सत्यापन के दौरान करीब 2 करोड़ 61 हजार रुपये की संदिग्ध संपत्ति का पता चला, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट मिलने पर ईओयू ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की।
पटना से जमुई तक कार्रवाई
ईओयू की टीम पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी (Patna Magistrate Colony) और ज्योतिपुरम स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट में जांच कर रही है। इसके अलावा कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 स्थित आवास, जमुई में केकेएम कॉलेज के पास किराये के मकान और झाझा स्थित कार्यालय में भी छापेमारी की गई। अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है।
बरामदगी की जानकारी का इंतजार
सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात मिलने की संभावना है। हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर बरामदगी का पूरा ब्योरा जारी नहीं किया गया है। ईओयू का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
अन्य पढ़े: Entertainment- मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत पल : दीपिका सिंह
भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार कार्रवाई
बिहार में आर्थिक अपराध इकाई पिछले कुछ समय से भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। आय से अधिक संपत्ति, अवैध निवेश और संदिग्ध लेनदेन के मामलों में कई अधिकारियों पर शिकंजा कसा जा चुका है। शनिवार सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
Read More :