मुंबई,। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) का देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गर्मजोशी से स्वागत किया। फ्रांसिसी राष्ट्रपति मैक्रों इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत, फ्रांस के साथ अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का इंतजार कर रहा है।
पीएम मोदी का संदेश
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत में आपका स्वागत है! भारत आपके आने और हमारे आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का इंतजार कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी बातचीत से अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा और दुनिया भर में तरक्की में मदद मिलेगी। मुंबई में और फिर बाद में दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्यारे दोस्त।”
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
दूसरी ओर, राष्ट्रपति मैक्रों भी मुंबई पहुंच चुके हैं। 19 फरवरी को वे इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे। मुंबई एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnawis) ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी मौजूद रहे।
विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय ने भी राष्ट्रपति मैक्रों का स्वागत करते हुए कहा, “एक मजबूत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की ओर!” मंत्रालय ने बताया कि इस दौरे के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी।
द्विपक्षीय बैठक और नए ऐलान
दोनों नेता भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 को लॉन्च करेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा वाइब्रेंट इंडिया-फ्रांस स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और रफ्तार देगा।
अन्य पढ़े: बांग्लादेश में BNP लहर, तारिक की डबल जीत!
दिल्ली में भी होंगे अहम कार्यक्रम
राष्ट्रपति मैक्रों 19 फरवरी को नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होंगे। इससे पहले मंगलवार को मुंबई में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों की मुलाकात होगी, जहां भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
Read More :