Bangladesh- बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन, तारिक रहमान ने संभाली प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी

Read Time:  1 min
तारिक रहमान
तारिक रहमान
FONT SIZE
GET APP

ढाका। तारिक रहमान ने मंगलवार को बांग्लादेश (Bangladesh) के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन (MD Sahabuddin) ने संसद भवन में आयोजित एक सादे समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही देश में पिछले 18 महीनों से कार्यरत अंतरिम सरकार का कार्यकाल समाप्त हो गया।

सादे समारोह में शपथ, अंतरिम सरकार का कार्यकाल समाप्त

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के साथ 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी पद की शपथ दिलाई गई। नई मंत्रिपरिषद में 25 कैबिनेट मंत्रियों में से 17 नए चेहरे शामिल हैं, जबकि 24 राज्य मंत्रियों में अधिकांश पहली बार मंत्रिमंडल का हिस्सा बने हैं। खास बात यह है कि मंत्रिमंडल में एक हिंदू मंत्री को भी स्थान दिया गया है।

नई मंत्रिपरिषद में कई नए चेहरे

प्रधानमंत्री बने तारिक रहमान स्वयं भी पहली बार किसी मंत्रिमंडल का हिस्सा बने हैं। वे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष हैं और इससे पहले पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों ने उन्हें संसदीय दल का नेता चुना था।

राजनीतिक विरासत और लंबा विदेश प्रवास

तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान के पुत्र हैं। करीब 17 वर्षों तक लंदन में रहने के बाद वे दो महीने पहले ही बांग्लादेश लौटे थे। उनका कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।

चुनाव में बीएनपी को स्पष्ट बहुमत

गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को हुए आम चुनाव में बीएनपी ने 299 में से 209 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। सरकार बनाने के लिए जरूरी 150 सीटों के आंकड़े को पार्टी ने आसानी से पार कर लिया। इसके अलावा तीन सीटों पर सहयोगी दलों ने जीत दर्ज कर गठबंधन को और मजबूत किया।

अन्य पढ़े: बांग्लादेश में BNP लहर, तारिक की डबल जीत!

नई सरकार से बड़ी उम्मीदें

नई सरकार के गठन के साथ ही बांग्लादेश की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि तारिक रहमान के नेतृत्व में सरकार आर्थिक सुधार, राजनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मोर्चे पर क्या प्राथमिकताएं तय करती है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।