Bihar- पटना में एनकाउंटर, पुलिस की गोली से घायल हुआ कुख्यात अपराधी सूर्या डॉन

By Anuj Kumar | Updated: February 11, 2026 • 10:22 AM

पटना. बुधवार की सुबह राजधानी पटना में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ की खबर से सनसनी फैल गई। गायघाट इलाके में एसटीएफ (STF) और पटना पुलिस (Patna Police) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन (Surya Don) को एनकाउंटर में घायल कर दिया। अपराधी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई मामलों में वांछित सूर्या डॉन गायघाट इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और आलमगंज थाना की पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया।

तीन राउंड फायरिंग, अपराधी घायल

पुलिस से खुद को घिरा देख सूर्या डॉन ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान लगभग तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें सूर्या डॉन के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

देसी कट्टा और गोली बरामद

घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए एनएमसीएच भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

कई मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, सूर्या डॉन खाजेकला थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ डकैती, लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, वह गायघाट इलाके में नाविकों से रंगदारी वसूलने पहुंचा था।

अन्य पढ़े: शबाना महमूद: क्या कश्मीर मूल की नेता बनेंगी ब्रिटेन की पहली मुस्लिम PM?

इलाके में दहशत, सर्च ऑपरेशन जारी

सुबह-सुबह हुए एनकाउंटर से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। एहतियातन पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि नए साल में यह राजधानी में पुलिस का पांचवां एनकाउंटर है।

Read More :

# Gayghat News #Breaking News in Hindi #GUN News #Hindi News #Latest news #NMCH News #Patna Police News #STF News #Surya Don News