मेरठ,। यूपी के मेरठ जिले से सोमवार रात किदवईनगर इलाके (Kidwainagar Area) में एक कपड़ा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में परिवार की एक महिला और पांच मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चंद मिनटों में बना विकराल रूप
किदवईनगर निवासी कपड़ा व्यापारी इकबाल अंसारी का तीन मंजिला मकान है। घर के ग्राउंड फ्लोर (Ground Floor) पर रेडीमेड कपड़ों का बड़ा गोदाम है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहता था। सोमवार रात करीब 9 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग कपड़ों के गोदाम तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कपड़ों का स्टॉक होने की वजह से लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने चंद मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ऊपर रह रहे परिवार को नीचे उतरने का मौका तक नहीं मिला और घर धुएं के गुबार में तब्दील हो गया।
फायर ब्रिगेड की मशक्कत, अंदर का मंजर देख भर आईं आंखें
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन जब टीम अंदर दाखिल हुई तो वहां का मंजर देखकर हर किसी का दिल दहल गया। इस अग्निकांड ने छह लोगों की जान ले ली। मृतकों में रुखसार (30) पत्नी आसिम, अद्दस (3), नबिया (6 माह), इनायत (6 माह) — रुखसार के बच्चे, तथा महविश (12) और हम्माद (4) — फारूक के बच्चे शामिल हैं।
सिलेंडर लीक से बढ़ी आग की भयावहता
इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी, लेकिन वहां रखे सिलेंडर के लीक होने से आग और भड़क गई, जिससे धमाका हुआ और लपटें और तेज हो गईं।
अन्य पढ़े: AI Summit Protest Delhi : यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार
पूरे इलाके में मातम, फॉरेंसिक जांच जारी
कपड़ा कारोबारी के घर हुए इस हादसे ने पूरे किदवईनगर को गम में डुबो दिया है। एक साथ पांच बच्चों और एक महिला की मौत ने सभी की आंखें नम कर दी हैं। फॉरेंसिक टीम अभी भी मौके पर मौजूद है और हादसे के तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Read More :