मुख्य बातें: –
- भवानीपुर गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
- अभिषेक कुमार पासवान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
अररिया। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में हुई पटाखा फैक्ट्री (Firecracker Factory) दुर्घटना ने बिहार के अररिया जिले में मातम पसार दिया है। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे नरपतगंज प्रखंड (Narpatganj) के भवानीपुर गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले कई दिनों से इंदौर के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे। उनकी मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वाले अररिया के मजदूरों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
गांव पहुंच रहा शव, परिजनों में कोहराम
मृतक अभिषेक कुमार पासवान (Abhishek Kumar Paswan) का शव एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव भवानीपुर लाया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
शनिवार को पहुंचे थे तीन मजदूरों के शव
इससे पहले शनिवार को हादसे में जान गंवाने वाले तीन मजदूरों के शव गांव पहुंचे थे। इनमें भवानीपुर निवासी 25 वर्षीय धीरज कुमार, गोखलापुर पंचायत के 18 वर्षीय अमर कुमार राम और 19 वर्षीय अमन कुमार शामिल थे। सभी मजदूर रोजगार की तलाश में इंदौर गए थे और पटाखा फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
छह मजदूर अब भी लापता
हादसे के बाद से छह मजदूरों के अब भी लापता होने की जानकारी सामने आ रही है। भवानीपुर गांव के 24 वर्षीय बबलू कुमार का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
कई मजदूरों की हालत गंभीर
इस हादसे में घायल 20 वर्षीय पिंटू कुमार, 25 वर्षीय अजय कुमार, 25 वर्षीय लालटू कुमार और 50 वर्षीय रामवृक्ष पासवान का इलाज इंदौर के अस्पतालों में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव में पसरा मातम
लगातार हो रही मौतों से भवानीपुर और आसपास के गांवों में गहरा शोक है। ग्रामीणों ने सरकार से मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है। हादसे के बाद से पूरे इलाके में दहशत और दुख का माहौल बना हुआ है।
Read More :