श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सोपोर में पुलिस ने आतंकवाद और अलगाववादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 15 से अधिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई प्रतिबंधित संगठन (Jamaat-e-Islami) से जुड़े मामलों में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज केस के सिलसिले में की गई। पुलिस के अनुसार, यह अभियान आतंकवादी संगठनों से जुड़े नेटवर्क, फंडिंग और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों पर शिकंजा कसने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
कई इलाकों में एक साथ चली कार्रवाई
पुलिस टीमों ने सोपोर के जामिया कदीम, नसीम बाग, क्रांकशिवन, तारज़ू, अमरगढ़, वारपोरा, बोमाई और बोइटिंगू समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई सोपोर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर संख्या 42/2025 के तहत की गई, जिसमें यूएपीए की धारा 10 और 13 लगाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि सभी तलाशी अभियान अदालत से जारी वारंट के आधार पर और कार्यकारी मजिस्ट्रेट व स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरे किए गए।
आपत्तिजनक सामग्री जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज और प्रतिबंधित संगठन से जुड़े साहित्य जब्त किए हैं। जब्त सामग्री को जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इन दस्तावेजों के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
आतंकी फंडिंग नेटवर्क पर भी नजर
पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सक्रिय नेटवर्क को तोड़ना ही नहीं, बल्कि आतंकवाद को आर्थिक और लॉजिस्टिक सहायता पहुंचाने वाले तंत्र को भी खत्म करना है। इससे पहले 10 मई को पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की एक अचल संपत्ति भी कुर्क की थी। यह संपत्ति आतंकवाद से जुड़े आरोपी (Majid Ahmad Sofi) की बताई गई, जो फिलहाल पाकिस्तान और पीओके से आतंकी हैंडलर के तौर पर काम कर रहा है।
‘बिसाती’ नाम से पहचान
पुलिस के मुताबिक आरोपी माजिद अहमद सोफी, जिसे ‘बिसाती’ के नाम से भी जाना जाता है, सोपोर के न्यू कॉलोनी इलाके का निवासी है और प्रतिबंधित संगठन Hizbul Mujahideen से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह घाटी में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और आतंकियों को सहायता पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
अन्य पढ़े: Entertainment- मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत पल : दीपिका सिंह
पुलिस ने लोगों से की अपील
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि आतंकवाद, आतंकी फंडिंग और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध या राष्ट्र-विरोधी गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दें।
Read More :