National- नितिन नबीन की हुई ताजपोशी, पीएम मोदी ने कहा- अब मेरे बॉस हैं

By Anuj Kumar | Updated: January 20, 2026 • 1:53 PM

नई दिल्ली,। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नबीन (Nitish Nabin) ने औपचारिक रूप से पार्टी की कमान संभाल ली है। भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने उनके नाम की घोषणा की। इसके साथ ही नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रही।

पीएम मोदी ने दी बधाई, बोले— नितिन नबीन अब मेरे ‘बॉस’

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भाजपा का संगठनात्मक सफर प्रेरणादायक रहा है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा,मैं एक कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन अब मेरे ‘बॉस’ हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने शून्य से शुरू कर शिखर तक की यात्रा तय की है और आज पार्टी एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन के अनुभव, ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी नए शिखर छुएगी।

पार्टी मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम, शीर्ष नेतृत्व रहा मौजूद

इससे पहले नितिन नबीन ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय (BJP Office) में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके साथ ही वे भाजपा के इतिहास में इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निवर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और संगठन पर्व के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण मंच पर मौजूद रहे।

भाजपा की संगठनात्मक प्रक्रिया लोकतांत्रिक : पीएम मोदी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक और संविधान की भावना के अनुरूप रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की छोटी इकाइयों से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन तक की प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई।
पीएम मोदी ने कहा, “लोग मुझे प्रधानमंत्री के रूप में देखते हैं, लेकिन मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं।”

शून्य से शिखर तक भाजपा का सफर

प्रधानमंत्री ने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक की यात्रा तय की। इसके बाद वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जे.पी. नड्डा जैसे अध्यक्षों के नेतृत्व में पार्टी का लगातार विस्तार हुआ।

विकसित भारत के संकल्प में नितिन नबीन की अहम भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के अगले 25 वर्ष भारत के लिए निर्णायक होंगे। विकसित भारत के निर्माण के इस महत्वपूर्ण कालखंड में नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने नितिन नबीन को मिलेनियल पीढ़ी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी बदलावों को करीब से देखा है।

अन्य पढ़े: ग्रीनलैंड पर घमासान: ट्रम्प की धमकी के बाद NATO देशों की सैन्य लामबंदी

जे.पी. नड्डा ने जताया भरोसा

निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने अपने संबोधन में 2024 लोकसभा चुनावों के बाद की राजनीतिक परिस्थितियों और हरियाणा, महाराष्ट्र व दिल्ली में भाजपा की चुनावी सफलताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए नितिन नबीन को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा।

Read More :

# Rajnath Singh news #BJP news #BJP Office News #Breaking News in Hindi #Hindi News #Latest news #Nitin Gadkari news #Nitish Nabin News #PM Modi news