बिहार की सियासत में आज बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। करीब दो दशकों से सत्ता संभाल रहे नीतीश कुमार (Nitish Kumar) आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। दिनभर चलने वाली राजनीतिक बैठकों के बाद शाम तक राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलने की पूरी संभावना है।
सुबह से शुरू होगा सियासी घटनाक्रम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 11 बजे कैबिनेट की अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद वह जनता दल यूनाइटेड (JDU) विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी अपने विधायक दल की बैठक करेगी, जिससे साफ है कि सत्ता परिवर्तन की पूरी पटकथा पहले से तैयार है।
राज्यपाल को सौंपेंगे इस्तीफा
कैबिनेट और पार्टी बैठकों के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन (Governor Syed Ata Hasnain) को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
एनडीए की बैठक में तय होगा नया चेहरा
मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की अहम बैठक होगी। इस बैठक की निगरानी केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसी दौरान बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व पहले ही मुख्यमंत्री का नाम फाइनल कर चुका है। दिल्ली से वरिष्ठ नेता भी पटना पहुंच चुके हैं और सभी की नजरें अब इस घोषणा पर टिकी हैं।
नई सरकार का कैसा होगा स्वरूप?
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई हाईलेवल मीटिंग में जदयू के कई बड़े नेता शामिल हुए। इसमें आगामी सरकार के गठन, मंत्रियों की सूची और सहयोगी दलों के हिस्से को लेकर चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, जदयू की ओर से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। वहीं, अधिकांश मौजूदा मंत्रियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है। भाजपा, लोजपा (राम), हम और अन्य सहयोगी दलों के कोटे से भी मंत्री लगभग वही रह सकते हैं।
15 अप्रैल को होगा शपथ ग्रहण
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम समेत करीब 21 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
Read also : WB Elections- बंगाल में 11 IPS अधिकारियों का तबादला, कोलकाता पुलिस में नई जिम्मेदारी तय
सीएम की रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी
नए मुख्यमंत्री के लिए सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर सम्राट चौधरी का नाम सामने आ रहा है। हालिया राजनीतिक गतिविधियों और उनके आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा से भी इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि उनके नाम पर मुहर लग सकती है।
Read More :