नई दिल्ली। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) से जुड़े एक मॉड्यूल द्वारा दिल्ली और आसपास के इलाकों में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रचे जाने का खुलासा हुआ है। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार इस मॉड्यूल का लक्ष्य एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित ढाबा और हरियाणा के सैन्य कैंप को निशाना बनाना था।
स्पेशल सेल का बड़ा ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन (Gang Best Operation) 2.0’ के तहत अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आए हैं।
मंदिर की रेकी कर भेजी गई तस्वीरें
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। उसने मंदिर परिसर की तस्वीरें सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजी थीं। सूत्रों का कहना है कि योजना मंदिर परिसर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर हमला कर दहशत फैलाने की थी।
ढाबे पर ग्रेनेड हमले की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे (Delhi-Sonipat Highway) पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे को भी निशाना बनाया जाना था। इस भीड़भाड़ वाले स्थान पर ग्रेनेड हमला कर अधिकतम नुकसान पहुंचाने की योजना थी।
सैन्य कैंप पर भी थी नजर
सूत्रों के अनुसार हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की भी रेकी की गई थी। आरोपियों ने कैंप और आसपास के इलाकों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स को भेजे थे। जांच एजेंसियों ने यह भी बताया कि इस मॉड्यूल की योजना उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों को निशाना बनाने की भी थी।
अन्य पढ़े: सुवेंदु अधिकारी के PA की पेशेवर हत्या
जांच एजेंसियां कर रही हैं गहन पूछताछ
स्पेशल सेल अब गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। एजेंसियां इस नेटवर्क की फंडिंग, सीमा पार संपर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Read More :