नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच देश में एलपीजी आपूर्ति (LPG supply) को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और एलपीजी की सप्लाई सामान्य बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे घबराकर गैस सिलेंडर की अनावश्यक खरीदारी न करें और अफवाहों पर भरोसा करने से बचें।
अफवाहों से बचने की अपील
तमिलनाडु में एनडीए की बैठक के दौरान पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि संकट के समय सही जानकारी साझा करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बिना पुष्टि की खबरों को न फैलाएं, क्योंकि इससे अनावश्यक डर का माहौल बन सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े हर पहलू पर सतर्कता के साथ काम कर रही है।
सप्लाई पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम
इधर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एलपीजी सप्लाई की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। मंत्रालय के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों (Gas Cylinder) की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और पैनिक खरीद से वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत कई राज्यों में जिला प्रशासन भी लोगों से अफवाहों से दूर रहने और संयम बनाए रखने की अपील कर रहा है।
एस्मा के तहत सप्लाई को प्राथमिकता
केंद्र सरकार ने पहले ही आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) लागू कर रखा है, जिसके तहत घरेलू गैस आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार पिछले छह महीनों के औसत के आधार पर गैस की आपूर्ति बनाए रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी की स्थिति न बने।
केंद्र और राज्य सरकारें सक्रिय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ मिलकर फैक्ट चेक और सही जानकारी साझा करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और पुलिस प्रमुखों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
अन्य पढ़े: AP teachers news : एपी शिक्षकों को बड़ी राहत, केस वापस
कोरोना काल की एकजुटता का दिया उदाहरण
प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी के दौरान देशवासियों के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि तब 140 करोड़ भारतीयों ने एकजुटता का परिचय दिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि देश इस चुनौती से भी जल्द उबर जाएगा और सरकार नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से केवल सत्यापित जानकारी साझा करने और अफवाहों को आगे न बढ़ाने की अपील दोहराई।
Read More :