Jharkhand : बारिश ने मचाई जबरदस्त तबाही, ठनका गिरने से 3 की मौत

Read Time:  1 min
बारिश
बारिश
FONT SIZE
GET APP

रांची: झारखंड (Jharkhand) के रांची जिले में सोमवार वर्षा से संबंधित दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पहली घटना में सोनाहातू थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में 40 वर्षीय व्यक्ति पर दीवार गिर गई, जब वह अपने दो बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहा था। 

ठनका गिरने से 2 महिलाओं की गई जान

पहली घटना दोपहर में रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर साओडीह गांव में हुई। दोनों महिलाएं एक तालाब के पास मवेशी चरा रही थीं, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रमनी देवी (61) और द्रौपदी देवी (40) के रूप में की गई है। सोनाहातू थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया, “दोनों महिलाएं तालाब के पास मवेशी चरा रही थीं, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इस घटना में एक भैंस की भी मौत हो गई।” उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। 

दीवार गिरने से 1 शख्स की दर्दनाक मौत

दूसरी घटना रांची शहर के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के तहत बशरत टोली में हुई। लोअर बाजार थाना प्रभारी दयानंद ने बताया, “बबलू उरांव (40) अपने दो बच्चों के साथ स्कूल से लौट रहे थे, तभी अचानक एक दीवार उनके ऊपर गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई।” सोमवार दोपहर को रांची जिले में तेज बारिश हुई, जिससे मुख्य सड़कों पर जलभराव और निचले इलाकों में पानी भर गया।

आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 44 मिमी बारिश दर्ज की गई

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा, “राज्य में अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।” झारखंड में एक जून से 23 जून तक सामान्य 122.6 मिमी के मुकाबले 247.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो 102 प्रतिशत अधिक है। 

Read more : National : संजय कपूर के निधन के बाद अब ये होंगे नए चेयरपर्सन

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।