नई दिल्ली। राजस्थान के अलवर जिले में मंगलवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (Delhi- Mumbai Expressway) पर एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार से दौड़ रही एक निजी बस की केमिकल से भरे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक टक्कर
हादसा अलवर जिले में पिना के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस इंदौर (Indore) से दिल्ली की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे केमिकल से भरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
तीन की मौके पर मौत
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में बस चालक, एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस हादसे ने यात्रियों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ा दी है।
घायलों में कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए करीब 30 लोगों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की वजह की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, हादसे के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। हालांकि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read also : WB Elections- बंगाल में 11 IPS अधिकारियों का तबादला, कोलकाता पुलिस में नई जिम्मेदारी तय
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा मानकों और वाहन चालकों की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सख्त निगरानी से ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।
Read More :