नई दिल्ली। केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए आज गुरुवार (9 अप्रैल) को एक ही चरण में मतदान (Voting) जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। तीनों राज्यों की सभी सीटों पर एक साथ मतदान हो रहा है और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
तीन राज्यों की सभी सीटों पर एक चरण में मतदान
इस चुनाव में असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी (Puducherry) की 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर लोगों का उत्साह साफ नजर आ रहा है।
असम में 722 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
असम विधानसभा चुनाव में 126 सीटों के लिए 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य भर में 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 2.50 करोड़ मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1.25 करोड़ महिला मतदाता और 318 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस दोबारा सरकार बनाने की उम्मीद के साथ चुनावी मैदान में है।
केरल में 883 उम्मीदवार, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
केरल में 140 सीटों के लिए 883 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य के 2.71 करोड़ मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 30,495 केंद्र बनाए गए हैं और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 1.46 लाख चुनाव कर्मियों के साथ 76,000 सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

पीएम मोदी ने की रिकॉर्ड मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम, केरल और पुडुचेरी के मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
केरल में मंत्री वीना जॉर्ज ने डाला वोट
केरल में मतदान के बीच राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने पथानामथिट्टा के अनाप्पारा सरकारी स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई अन्य प्रमुख नेताओं और उम्मीदवारों ने भी सुबह-सुबह मतदान कर लोगों को प्रेरित किया।
अन्य पढ़े: KKR vs PBKS Match : बारिश के कारण KKR vs PBKS मैच रद्द
4 मई को आएंगे चुनाव परिणाम
तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। अब सभी की नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब चुनाव के नतीजे घोषित होंगे और यह साफ हो जाएगा कि किस राज्य में किस पार्टी की सरकार बनेगी।
Read More :