100 फीट ऊपर थमी सांसें
झुंझुनूं जिले के नरहड़ गांव में पानी की किल्लत को लेकर चल रहा प्रदर्शन उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब टंकी पर चढ़े युवकों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस दौरान नीचे मौजूद लोगों की सांसें थम सी गईं।
झुंझुनूं जिले के नरहड़ गांव में गुरुवार को पेयजल किल्लत को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की सांसें थाम दीं। दरअसल, हुआ यूं कि ग्रामीणों ने जैसे ही वाटरवर्क्स के सामने पानी की समस्या को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू किया, वैसे ही बढ़ते आक्रोश के बीच कुछ युवक विरोध जताने के लिए पास ही बनी ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। टंकी की ऊंचाई करीब 80 से 100 फीट (100 feet) बताई जा रही है। प्रशासन को बुलाने की मांग पर अड़े युवक करीब 2 घंटे तक पानी की टंकी पर चढ़े रहे।
पानी संकट पर प्रदर्शन पड़ा भारी
इसी दौरान टंकी पर बने मधुमक्खियों के छत्ते के पास पहुंचते ही एक युवक पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते युवक मधुमक्खियों (Honeybees) से घिर गया। हालांकि इस खतरनाक स्थिति में भी युवक ने हिम्मत नहीं हारी। घबराने के बजाय उसने समझदारी दिखाते हुए टंकी की सीढ़ियों पर बैठकर अपने चेहरे को हाथों से ढक लिया और धीरे-धीरे नीचे उतरना शुरू किया। इस दौरान मधुमक्खियों ने उसे 4-5 जगह डंक भी मारे, लेकिन युवक संतुलन बनाए रखने में सफल रहा।
अन्य पढ़े: Bihar Weather- अगले 48 घंटे अलर्ट, आंधी-बारिश और बिजली गिरने का खतरा
अटकी ग्रामीणों की सांसें
करीब 100 फीट की ऊंचाई पर यह पूरा घटनाक्रम आधा घंटे तक चलता रहा, जिसे देखकर नीचे मौजूद लोगों की सांसें थम सी गईं। यदि युवक जरा भी घबराता या संतुलन खो देता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है। आखिरकार युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। तुरंत उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
धरना-प्रदर्शन का यह पूरा हाई वोल्टेज ड्रामा करीब 4 से 5 घंटे तक चलता रहा। बाद में प्रशासन व जलदाय विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
अन्य पढ़े: