नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम (India Team) का विजय रथ थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका के बाद अब नामीबिया के गेंदबाजों ने भी भारत को बड़े स्कोर से रोकने की कोशिश की, लेकिन ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की विस्फोटक पारियों ने टीम इंडिया को 200 रन के पार पहुंचा दिया। हालांकि अंतिम ओवरों में रन गति थमी, फिर भी भारत ने दमदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट (Turnament) में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली।
धमाकेदार शुरुआत, फिर भी टूटा रिकॉर्ड का सपना
नामीबिया के खिलाफ मिली तेज शुरुआत को देखकर लग रहा था कि भारत श्रीलंका के 260 रन के टी-20 विश्व कप रिकॉर्ड को तोड़ देगा। ईशान किशन (Ishan Kishan) और तिलक वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी से पावरप्ले में ही रन बरसने लगे, लेकिन बीच के ओवरों और डेथ ओवर्स में विकेट गिरने से भारत 9 विकेट पर 209 रन ही बना सका।

ईशान किशन का तूफान, 20 गेंद में फिफ्टी
ईशान किशन ने महज 20 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया और 23 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। यह टी-20 विश्व कप में किसी भारतीय बल्लेबाज का संयुक्त चौथा सबसे तेज अर्धशतक रहा। सातवें ओवर में ही भारत ने 100 रन पूरे कर लिए थे।
हार्दिक पांड्या ने संभाली पारी
ईशान और तिलक के आउट होने के बाद रन गति लड़खड़ा गई, लेकिन हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 24 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और शिवम दुबे के साथ 81 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि पांड्या के आउट होते ही निचला क्रम पूरी तरह बिखर गया।
इरास्मस की कसी गेंदबाजी
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उन्होंने ईशान, तिलक, हार्दिक और अक्षर पटेल जैसे बड़े नामों को आउट कर भारत को और बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

93 रन से भारत की सबसे बड़ी जीत
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 93 रन से जीता, जो टी-20 विश्व कप में उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
वरुण और अक्षर ने पलटा मैच
वरुण चक्रवर्ती ने शानदार स्पेल डालते हुए 3 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने किफायती गेंदबाजी के साथ 2 अहम सफलताएं हासिल कीं। स्पिनरों ने मिडिल ओवर्स में नामीबिया की कमर तोड़ दी।
संजू सैमसन फिर चूके
अभिषेक शर्मा के अनफिट होने से मिले मौके को संजू सैमसन भुना नहीं सके। 8 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद वह गैरजिम्मेदार शॉट खेलकर आउट हो गए। यह उनके लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका था, जो हाथ से निकल गया।
अब महामुकाबले की तैयारी
इस जीत के साथ भारत ने टी-20 विश्व कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज की। अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जिस पर पूरी क्रिकेट दुनिया की नजरें टिकी होंगी।
Read More :