मुंबई । आईपीएल 2026 सत्र में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की टीम युवा ऑलराउंडर रियान पराग की कप्तानी में उतरेगी। पराग ने पिछले सत्र में भी कई मैचों में कप्तानी की थी। ऐसे में वह इस बार कप्तानी के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे।
संजू सैमसन का अध्याय खत्म
वहीं पिछले सत्र में कप्तान रहे संजू सैमसन इस बार चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से खेलेंगे। सैमसन के जाने के बाद टीम प्रबंधन ने भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए पराग पर भरोसा जताया है। राजस्थान रॉयल्स में सैमसन एक दशक से जुड़े रहे। वह एक युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज़ से टीम के कप्तान बने थे, लेकिन पिछले सत्र में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।

खराब प्रदर्शन और फिटनेस बनी वजह
पिछले सीजन में सैमसन फिटनेस की परेशानी से भी जूझते रहे। टीम ने 14 मुकाबलों में केवल चार मैच जीते और अंक तालिका में सबसे नीचे रही। इसी सत्र के बाद सैमसन और टीम प्रबंधन के बीच मतभेद सामने आए, जिससे साफ हो गया था कि बदलाव तय है। इसके बाद सैमसन ने सीएसके का रुख किया।
धोनी के साथ खेलेंगे सैमसन
अब सैमसन सीएसके की जर्सी में महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) जैसे दिग्गज के साथ खेलते नजर आएंगे, जो उनके करियर के लिए अहम मोड़ माना जा रहा है।

पहले ही मिल चुकी है पराग को जिम्मेदारी
पराग को कप्तानी एकदम नहीं दी गई। पिछले सत्र में जब भी सैमसन चोट के कारण बाहर रहे, तब पराग को कप्तान के तौर पर मौके दिए गए ताकि वह नेतृत्व के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने आठ मुकाबलों में टीम की कप्तानी की, जिनमें से दो मैचों में जीत मिली।
आंकड़ों ने दिखाया परिपक्वता का संकेत
भले ही टीम का प्रदर्शन कमजोर रहा हो, लेकिन पराग ने 38.57 की औसत से रन बनाते हुए कई अहम पारियां खेलीं। इससे उनकी बल्लेबाजी में परिपक्वता और दबाव झेलने की क्षमता साफ झलकी।
कप्तानी को लेकर पराग का नजरिया
पराग का मानना है कि कप्तानी सिर्फ मैदान पर फैसले लेने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह मानसिक रूप से मजबूत और रणनीतिक रूप से सजग रहने का खेल है। टीम संयोजन चाहे जैसा भी हो, वह जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अन्य पढ़े: बांग्लादेश चुनाव: हिंसा के साये में वोटिंग
कोचिंग बदलाव के बाद बढ़ी चुनौती
साल 2025 के अंत में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के पद छोड़ने के बाद रॉयल्स की चुनौतियां और बढ़ गई हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि नए कप्तान के तौर पर रियान पराग टीम को किस दिशा में ले जाते हैं।
Read More :