Hyderabad : बुलेट की तुलना में बुलेटिन अधिक शक्तिशाली – रेवंत रेड्डी

By Ajay Kumar Shukla | Updated: March 7, 2026 • 9:25 PM

सीएम की मौजूदगी में 130 माओवादी का आत्मसमर्पण

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी (Chief Minister A. Revanth Reddy) ने माओवादी पार्टी के सभी केंद्रीय समिति सदस्यों सहित गणपति से अपील की है कि वे हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटें और राज्य के पुनर्निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लें। शनिवार को इंटीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 130 माओवादी और 124 उन्नत हथियारों के साथ सरकार के सामने आत्मसमर्पण किया।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने माओवादियों का स्वागत करते हुए उन्हें मुख्यधारा में लौटने पर बधाई दी और कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिए गए आह्वान पर उन्होंने यह कदम उठाया। आत्मसमर्पण करने वालों के खिलाफ लंबित मामलों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहकर इन मामलों को समाप्त करने के लिए तैयार है और आवश्यक होने पर मामलों की समीक्षा के लिए एक समिति भी बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा, ‘राज्य सरकार माओवादी (Maoists) कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तैयार है।’

माओवादियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है और इस संबंध में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा सरकार उनकी बेहतर चिकित्सा देखभाल की जिम्मेदारी भी लेगी। केंद्रीय सरकार ने पहले ही राज्य सरकार को स्वास्थ्य, वित्तीय सहायता और आवास प्रदान करने की अनुमति दी है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी नेताओं देवजी, दामोदर और अन्य केंद्रीय समिति सदस्यों के प्रस्तावों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ध्यान में लाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी भविष्य में जनता की समस्याओं को राज्य सरकार के सामने प्रस्तुत करेंगे।

समस्याओं का समाधान केवल संवाद के माध्यम से ही संभव

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि समस्याओं का समाधान केवल संवाद के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा, ‘बुलेट की तुलना में बुलेटिन अधिक शक्तिशाली है। भारत मानता है कि समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से हल किया जा सकता है। महात्मा गांधी ने भी अहिंसक संघर्ष के माध्यम से स्वतंत्रता हासिल की। आज कई देशों में समस्याओं का समाधान शांति और संवाद से किया जा रहा है। राज्य में हर समस्या का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। आइए समस्याओं का लोकतांत्रिक तरीके से समाधान करें।’ इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन पुलिस अधिकारियों को भी बधाई दी जिन्होंने माओवादियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित किया और उन्हें पुनर्वास की भरोसा दी।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

#Breaking news #HindiNews #LatestNews Ganapathi Maoist Leader Maoist Surrender Telangana Maoists Mainstream Appeal Revanth Reddy Statement Telangana Security Development