Hyderabad : जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय

By Ajay Kumar Shukla | Updated: January 8, 2026 • 3:03 PM

हैदराबाद। हैदराबाद शहर में खाद्य पदार्थों में मिलावट (Adulteration) को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता के जीवन से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी हैदराबाद सिटी पुलिस आयुक्त श्री वी.सी. सज्जनार ने दी। उन्होंने कहा कि खाद्य मिलावट के इस दानव को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (Food safety officers) की विशेष संयुक्त टीमों को मैदान में उतारा जाएगा। खाद्य मिलावट की रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर बुधवार को बंजारा हिल्स स्थित टीजीआईसीसीसी में खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सिटी पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने की।

हैदराबाद सिटी पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार की चेतावनी

बैठक में सिटी पुलिस आयुक्त ने कहा कि खाद्य मिलावट को कोई मामूली अपराध नहीं माना जाएगा, बल्कि इसे जनता के जीवन को खतरे में डालने वाला हत्या के प्रयास के समान गंभीर अपराध के रूप में देखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सड़क किनारे छोटे व्यापारियों तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मिलावट के स्रोत बने निर्माण और उत्पादन केंद्रों पर भी सीधे छापे मारे जाएंगे। इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर उसे सख्ती से लागू किया जाएगा। बैठक के दौरान पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ खाद्य मिलावट नियंत्रण से जुड़ी जमीनी चुनौतियों और आवश्यक कदमों की समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार कर एसओपी को अंतिम रूप दिया जाएगा और प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

पुलिस और फूड सेफ्टी अधिकारियों की तैयारी बैठक

सिटी पुलिस आयुक्त ने कहा कि निरीक्षण, नमूना संग्रह, जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कानूनी बाधा न आए, इसके लिए पूरी सावधानी और कानूनी मजबूती के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता मानकों का पालन अनिवार्य है। मिलावट के मामलों में बार-बार पकड़े जाने वाले व्यापारियों के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जनता के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले मिलावट माफिया के खिलाफ पीडी एक्ट लागू करने से भी पुलिस पीछे नहीं हटेगी। सिटी पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि खाद्य मिलावट से संबंधित सूचनाएं तत्काल देने के लिए शीघ्र ही आम जनता के लिए एक विशेष व्हाट्सएप या टोल-फ्री नंबर शुरू किया जाएगा।

बैठक में कई अधिकारी रहे उपस्थित

सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम्स) श्रीनिवासुलु, संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) जॉयल डेविस, पुलिस उपायुक्त श्वेता, अपूर्वा राव, रूपेश, गायकवाड़ वैभव रघुनाथ, निदेशक डॉ. शिवलीला, सेवानिवृत्त डीएफसी विजय कुमार, एएफसी बाल राजू, आनंद राव, फूड इंस्पेक्टर जग्गा रेड्डी, सभी जोनों के डीसीपी, अतिरिक्त डीसीपी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

#Breaking news #HindiNews #LatestNews Food Adulteration Control Food Safety Enforcement Hyderabad Police Joint Task Force V C Sajjanar