తెలుగు | Epaper

Sensex Closing : भारी गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार

Surekha Bhosle
Surekha Bhosle
Sensex Closing : भारी गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार

सेंसेक्स 573 अंक गिरकर 81,118 पर बंद

इजराइल के ईरान पर हमले के बाद आज यानी 13 जून को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 573 अंक गिरकर 81,118 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी करीब 169 अंक की गिरावट रही, ये 24,718 के स्तर पर बंद हुआ।

ईरान-इजराइल संघर्ष के चलते भारतीय शेयर बाजार आज भारी गिरावट के साथ खुला था। हालांकि, बाद में गिरावट कुछ कम हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 0.70 फीसदी या 573 अंक की गिरावट के साथ 81,118 पर बंद हुआ है। बाजार बंद होते समय सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 4 शेयर हरे निशान पर और 26 शेयर लाल निशान पर थे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 0.68 फीसदी या 169 अंक की गिरावट के साथ 24,718 पर बंद हुआ। एनएसई पर ट्रेडेड 2964 शेयरों में से 1059 शेयर हरे निशान पर, 1824 शेयर लाल निशान पर और 81 शेयर बिना किसी बदलाव के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में 4 में तेजी और 26 शेयर में गिरावट रही। बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, ऑटो और IT शेयर ज्यादा गिरे। कल के एअर इंडिया के विमान के क्रैश होने के बाद एयरलाइन कंपनियों के शेयर भी टूटे हैं। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का शेयर 4% गिरा है। स्पाइसजेट 1.61% टूटा है। वहीं एअर इंडिया को ऑपरेट करने वाले टाटा ग्रुप के सभी शेयर नीचे रहे।

बाजार में गिरावट के 2 बड़े कारण

  • इजराइल ने ईरान पर हमला किया है। ये बाजार में गिरावट का सबसे बड़ा कारण है। जब भी दो बड़े देशों के बीच युद्ध या तनाव बढ़ता है, तो निवेशक घबरा जाते हैं और शेयर बाजार से पैसे निकालने लगते हैं। इस बार इजराइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों और मिलिट्री साइट्स पर हमला किया, जिससे डर है कि मिडिल ईस्ट में युद्ध और बढ़ सकता है।
  • हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतें 10% से ज्यादा बढ़ गईं, क्योंकि मिडिल ईस्ट से ही दुनिया का ज्यादातर तेल आता है। अगर वहां सप्लाई रुकती है तो तेल और महंगा हो सकता है। भारत जैसे देशों के लिए यह और भी चिंता की बात है, क्योंकि हमें ज्यादातर तेल बाहर से खरीदना पड़ता है। इससे महंगाई फिर बढ़ सकती है।

एशियाई बाजारों में भी गिरावट

  • एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 338 अंक (0.89%) गिरकर 37,834 पर और कोरिया का कोस्पी 0.87% नीचे 2,894 पर बंद हुआ।
  • हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 142 अंक (0.59%) गिरकर 23,892 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट अंक 25 (0.75%) गिरकर 3,377 पर क्लोज हुआ।
  • 12 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.24% चढ़कर 42,967 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 0.24% चढ़कर 19,662 पर और S&P 500 0.38% अंक की तेजी के बंद हुआ।

मार्केट से जुड़े अन्य अहम अपडेट्स:

1. ओसवाल पंप्स का IPO आज से ओपन हुआ

पंप और मोटर बनाने वाली कंपनी ओसवाल पंप्स का IPO यानी इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग आज से ओपन हो गया है। निवेशक इसमें 17 जून तक अप्लाई कर सकते हैं। कंपनी के शेयर 20 जून को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे।

ओसवाल पंप्स IPO के जरिए कुल ₹1,387.34 करोड़ जुटाना चाहती है। इसमें से ₹890 करोड़ के नए शेयर (फ्रेश इश्यू) जारी किए जाएंगे और ₹497.34 करोड़ के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बेचे जाएंगे।

2. ब्रेंट क्रूड 10% से ज्यादा चढ़कर 78 डॉलर/बैरल पहुंचा

ईरान पर इजराइल की एयरस्ट्राइक के बाद ब्रेंट क्रूड 10% से ज्यादा चढ़ गया है। ये 78 डॉलर/बैरल के पार कारोबार कर रहा है। वहीं नायमैक्स क्रूड भी करीब 12% उछलकर 78 डॉलर/बैरल पर पहुंच गया है। एक बैरल लगभग 159 लीटर के बराबर होता है।

कल भी 823 अंक गिरकर बंद हुआ था बाजार

शेयर बाजार में 12 जून को गिरावट रही। सेंसेक्स 823 अंक (1%) की गिरावट के साथ 81,691 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 253 अंक (1.01%) की गिरावट रही, ये 24,888 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में गिरावट और सिर्फ 3 में तेजी रही। आज IT, FMCG, मेटल और ऑटो शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही। टाटा मोटर्स का शेयर 2.98% और M&M का शेयर 2.30% गिरकर बंद हुआ।

Read more: Sensex Closing: बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

📢 For Advertisement Booking: 98481 12870