Weather- ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड, उत्तर भारत ठिठुरा; पंजाब 1.1 डिग्री, दिल्ली अलर्ट मोड पर

Author Icon By Anuj Kumar
Updated: January 11, 2026 • 10:32 AM
వాట్సాప్‌లో ఫాలో అవండి

नई दिल्ली।उत्तर भारत में ठंड ने अपने तेवर और तीखे कर लिए। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक शीतलहर का असर दिखा और लोग दिनभर ठिठुरते नजर आए। कश्मीर घाटी में जहां पारा लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है, वहीं दिल्ली ने इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की। कई राज्यों में कोहरे, पाले और बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

पंजाब में कंपकंपाने वाली ठंड, होशियारपुर सबसे सर्द

पंजाब में कड़ाके की ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम रहा। अमृतसर में तापमान 1.3 डिग्री, फरीदकोट और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री और चंडीगढ़ में 4 डिग्री सेल्सियस रहा। पटियाला, रूपनगर और लुधियाना में भी पारा सामान्य से काफी नीचे चला गया।

घना कोहरा और शीत दिन की आशंका

शनिवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा (Dense Fog) छाया रहा। कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में शीत दिन जैसी स्थिति बन सकती है, जब अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है।

पहाड़ों में बर्फबारी का असर, मैदानी इलाके कांपे

मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों तक पहुंच रहा है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में अति शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

दिल्ली में सीजन की सबसे सर्द सुबह, यलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली में शनिवार की सुबह इस सर्दी की सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए दो दिन का यलो अलर्ट जारी किया है। बीते चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आइजीआई एयरपोर्ट पर सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई, जो बाद में बढ़कर 100 मीटर तक पहुंची।

उत्तराखंड में सूखी ठंड, पाले और कोहरे का असर

उत्तराखंड (Uttrakhand) में बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं, लेकिन शुष्क मौसम के चलते ठंड और ज्यादा चुभन भरी हो गई है। पहाड़ी इलाकों में पाला जम रहा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने पाले और घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा शीतलहर की गिरफ्त में

उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण हरियाणा में ठंड और तेज हो गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। महेंद्रगढ़ में 1.6 डिग्री तापमान के साथ सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। मेवात और अंबाला को छोड़कर अधिकांश जिलों में पारा 5 डिग्री से नीचे चला गया है।

राजस्थान में गलन भरी सर्दी, 26 जिलों में अवकाश

राजस्थान में भी शीतलहर और गलन भरी ठंड से जनजीवन प्रभावित है। तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए प्रदेश के 26 जिलों में सोमवार तक अवकाश घोषित किया गया है। जैसलमेर में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर में रात का तापमान तीन डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

Read also : Rajsamand : कार में जिंदा जली मासूम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कोहरे ने ली जान, हादसों में 4 की मौत

उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। शनिवार को अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए। खराब दृश्यता और ठंड के कारण यातायात पर भी असर पड़ा।

Read More :

# Delhi news #Breaking News in Hindi #Cold Wave News #Dense and fog News #Hindi News #Jammu kashmir news #Latest news #Punjab news #Uttrakhand news

గమనిక: ఈ వెబ్ సైట్ లో ప్రచురించబడిన వార్తలు పాఠకుల సమాచార ప్రయోజనాల కోసం ఉద్దేశించి మాత్రమే ఇస్తున్నాం. మావంతుగా యధార్థమైన సమాచారాన్ని ఇచ్చేందుకు కృషి చేస్తాము.