बिहार में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि आने वाले दिनों में पारा 45°C तक जाने की आशंका जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
सुबह से ही तपन, दोपहर में सन्नाटा
राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है और जरूरी काम के बिना लोग घर से निकलने से बच रहे हैं। पिछले 24 घंटों में पटना का तापमान 40°C तक पहुंच गया, जबकि रोहतास के डेहरी (Dehri) में पारा 43°C दर्ज किया गया।

स्कूलों के समय में बदलाव
तेज गर्मी को देखते हुए पटना प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला अधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी कर 5वीं कक्षा तक के स्कूल, आंगनबाड़ी और प्री-स्कूल की टाइमिंग बदल दी है। 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगी, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।
अगले 2-3 दिन और भारी
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में हीटवेव (Heatwave) का असर तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले 2 से 3 दिनों में कई जिलों में तापमान 45°C तक पहुंच सकता है। खासकर पटना सहित मध्य और दक्षिण बिहार के इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
गर्मी का असर: बच्चे हुए बेहोश
भीषण गर्मी का असर अब स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। बक्सर जिले में सोमवार को स्कूल के 10 बच्चे गर्मी के कारण बेहोश हो गए, जिससे हड़कंप मच गया। सभी बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। उस दिन बक्सर का तापमान 42°C तक दर्ज किया गया था।
अन्य पढ़े: IT सेक्टर में बड़ा झटका, 3 महीनों में 80 हजार छंटनी
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, ताकि हीटवेव के खतरे से बचा जा सके।
Read More :