Bihar Weather- बिहार में तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का कहर, 2 की मौत

By Anuj Kumar | Updated: March 21, 2026 • 12:59 AM

पटना। बिहार में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में तेज हवा, धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। बेतिया और बगहा में जहां तेज आंधी के साथ ओले गिरे, वहीं राजधानी पटना (Capital Patna) समेत कई शहरों में आसमान पर घने बादल छाए हुए हैं।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 घंटे अहम

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सारण और वैशाली जिलों के लिए अगले तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के सभी 38 जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

तेज हवाओं का खतरा, 60 किमी/घंटा तक रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में पेड़ गिरने, होर्डिंग उड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

गयाजी में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत

जिले के वजीरगंज और डुमरिया में शुक्रवार शाम वज्रपात यानी ठनका की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। वजीरगंज के कोल्हना गांव में 50 वर्षीय किसान की मौत हुई। वहीं, डुमरिया में भी खेत में काम कर रहे एक किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद दम तोड़ दिया, उसकी भैंस की भी मौत हो गई। गयाजी शहर समेत जिले के ग्रामीण इलाके में दोपहर बाद आंधी-बारिश का माहौल बना रहा।

मौसम में बदलाव की ये है बड़ी वजह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में बढ़ती गर्मी से वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है, जिससे आंधी और बारिश की स्थिति बनी है।

अन्य पढ़े: Israel- नेतन्याहू बोले- अमेरिका को जंग में शामिल होने के लिए नहीं कहा

सतर्क रहें: मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बदलते मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं तेज हवाओं और बारिश ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। आने वाले कुछ घंटों में हालात और बदल सकते हैं, ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

Read More :

#Bengal News #Bihar News #Breaking News in Hindi #Gaya Ji news #Google News in Hindi #Hindi News #Latest news #LatestNews #Orange Alert news #Patna news #Truff line News trendingnews