पटना । अप्रैल की शुरुआत के साथ ही बिहार (Bihar) में मौसम ने अचानक तीखा रुख अपना लिया है। तेज धूप और तेजी से बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही चिलचिलाती धूप और दोपहर की झुलसाने वाली गर्मी ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर अहम चेतावनी जारी की है
अगले 48 घंटे भारी, 40°C के पार जाएगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार आज और कल राज्य में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। अगले 48 घंटों तक भीषण गर्मी और कई इलाकों में हीट वेव (Heat Wave) जैसी स्थिति बनने की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज
विभाग के मुताबिक 5 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आंधी और बारिश (Rain) के आसार बनेंगे। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
इन जिलों में पहले बदलेगा मौसम
5 अप्रैल को औरंगाबाद, कैमूर, गया और नवादा जिलों में मौसम बदलने के संकेत हैं। इसके बाद 6 अप्रैल को पूर्वी बिहार को छोड़कर बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तेज हवाएं और वज्रपात का अलर्ट
7 और 8 अप्रैल को यह सिस्टम पूरे बिहार में सक्रिय रहेगा। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ठनका (वज्रपात) गिरने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे का तापमान रिकॉर्ड
बीते 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 30°C से 38.4°C के बीच दर्ज किया गया। रोहतास (डेहरी), शेखपुरा और कैमूर 38.4°C के साथ सबसे गर्म रहे। वहीं राजधानी पटना में पारा 37.5°C और गया में 38°C रिकॉर्ड किया गया।
अन्य पढ़े: बीजेपी का घोषणापत्र – 5 लाख करोड़ निवेश और ‘जमीन जिहाद’ पर रोक का वादा
सतर्कता बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें, खासकर आंधी-बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
Read More :