Weather- बर्फबारी से जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड, सोनमर्ग सबसे सर्द

By Anuj Kumar | Updated: January 30, 2026 • 2:51 PM

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ज्यादातर इलाकों में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री से नीचे रहा। सोनमर्ग (Sonemerg) सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां पारा माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग (Gulmerg) में -9 डिग्री और कुपवाड़ा में -3.5 डिग्री तापमान रहा।

कोहरे ने ली जान, एमपी-राजस्थान में सड़क हादसे

इधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर में भिंड रोड हाईवे पर कोहरे के कारण एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल थे।
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-58 पर 5 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारण हाईवे पर चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

पंजाब-हरियाणा में शीतलहर, पारा 4 डिग्री से नीचे

पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। गुरुवार को दोनों राज्यों के पांच शहरों में तापमान 4 डिग्री से नीचे रहा। हरियाणा के नारनौल में पारा 2 डिग्री और भिवानी में 2.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
पंजाब के फरीदकोट में तापमान 3 डिग्री, बठिंडा में 3.8 डिग्री और फिरोजपुर में 3.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में फिर बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से 2 फरवरी तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ेगी तथा दिन-रात के तापमान में गिरावट आएगी।
शुक्रवार सुबह भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 24 जिलों में कोहरा छाया रहा। पचमढ़ी समेत पांच शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया।

अन्य पढ़े: Rajamouli Varanasi movie : एक होर्डिंग से धमाका! ‘वाराणसी’ पर राजामौली दांव

राजस्थान-यूपी में कोहरा और बारिश की चेतावनी

राजस्थान के 12 जिलों में शुक्रवार को शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी से राजस्थान के पूर्वी जिलों में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं, जो 2 फरवरी तक जारी रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, झांसी, आगरा, अलीगढ़ समेत 30 जिलों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमट गई। तेज ठंडी हवाओं से सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है और 3 फरवरी तक बारिश की संभावना जताई है।

Read More :

#Breaking News in Hindi #Gulmerg news #Heavy Rain news #Hindi News #Latest news #Madhya Pradesh news #Rajasthan news #Sonemerg News