शिमला। शिमला और मनाली पर्यटकों से पूरी तरह पैक है। बर्फबारी थमने के बाद जैसे-जैसे सड़कें बहाल हो रही हैं, पर्यटक अब शिमला के नालदेहरा, कुफरी, महासू पीक, मनाली (Manali) के सोलंगनाला और चंबा के डलहौजी तक पहुंचने लगे हैं।
वीडियो वायरल, पहाड़ों की ओर उमड़ा सैलानियों का सैलाब
हिमाचल प्रदेश में बर्फ के फोटो-वीडियो वायरल (Video Viral) होते ही देशभर से पर्यटकों का पहाड़ों पर जमावड़ा उमड़ने लगा है। इन जगहों पर टूरिस्ट बर्फ में खेलने, डांस, स्नोमैन बनाने, हॉर्स व याक राइडिंग, स्केटिंग, स्नो स्कूटर, पैराग्लाइडिंग और रील्स रिकॉर्ड कर अपनी यात्रा को यादगार बना रहे हैं।
नारकंडा और अटल टनल तक जल्द पहुंचेगा टूरिस्ट
दिनभर टूरिस्ट बर्फ में मस्ती कर रहे हैं। इस वीकेंड तक सड़क बहाली के बाद नारकंडा और अटल टनल तक टूरिस्ट के पहुंचने की संभावना है।
होटलों में 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी, वीकेंड पर फुल होने की उम्मीद
बता दें कि शिमला और मनाली के होटलों में 70 से 80 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी हो चुकी है। वीकेंड पर इसके शत-प्रतिशत होने की संभावना है। इसलिए वीकेंड पर शिमला-मनाली (Shimla-Manali) आने वाले टूरिस्ट को एडवांस बुकिंग की सलाह दी जा रही है।
चार साल बाद हुई बर्फबारी, 15-20 दिन अच्छे सीजन की उम्मीद
शिमला के होटलियर अश्ननी सूद ने बताया कि शिमला में चार साल बाद बर्फबारी हुई है। इससे अगले 15-20 दिन तक अच्छी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
रोज 12 से 15 हजार वाहन, शहर से बाहर तक जाम
वहीं पुलिस के अनुसार, अकेले शिमला में रोजाना 12 हजार से 15 हजार टूरिस्ट वाहन पहुंच रहे हैं। इससे शिमला शहर के साथ-साथ छराबड़ा, कुफरी और फागू के बीच भी ट्रैफिक जाम लग रहा है।
एक घंटे का सफर चार-पांच घंटे में, लोकल भी परेशान
ट्रैफिक जाम के कारण एक घंटे का सफर चार से पांच घंटे में पूरा हो रहा है, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी परेशान हैं।
मनाली में भी जाम की समस्या, बंद सड़कों से बढ़ी दिक्कत
मनाली में भी बीते एक सप्ताह से पतलीकूलह, 15 और 16 मील से मनाली तक ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। जाम की सबसे बड़ी वजह आसपास के पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों का बंद होना है।
बर्फ हटाने का काम तेज, एक-दो दिन में मिलेगी राहत
भारी हिमपात के कारण जीभी वैली, सोलंग नाला, अटल टनल, कोकसर और केलांग को जोड़ने वाली सड़कें बंद थीं, लेकिन अब सड़कों से बर्फ हटाने का काम जारी है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में टूरिस्ट इन स्थलों तक पहुंचना शुरू करेंगे और मनाली में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
Read More :