Delhi- संसद गेट पर निलंबित सांसदों का प्रदर्शन, पोस्टरों से पीएम पर समझौते का आरोप

By Anuj Kumar | Updated: February 4, 2026 • 1:21 PM

नई दिल्ली,। लोकसभा से निलंबित विपक्ष के आठ सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों के हाथों में ऐसे पोस्टर थे, जिन पर अंग्रेज़ी में ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ (प्रधानमंत्री ने समझौता किया) लिखा हुआ था। पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे (MM Narvane) और अमेरिकी नागरिक जेफ्री एपस्टीन की तस्वीरें भी लगाई गई थीं, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

निलंबन के खिलाफ जताया आक्रोश

प्रदर्शन कर रहे सांसदों को बजट सत्र के दौरान सदन में चेयर की ओर कागज उछालने और अव्यवस्था फैलाने के आरोप में पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया है। निलंबित सांसदों ने इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। सांसदों का आरोप है कि अहम राष्ट्रीय मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार विपक्ष को बोलने का मौका नहीं दे रही।

लोकसभा में ट्रेड डील को लेकर हंगामा

उधर, बजट सत्र के छठे दिन लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अमेरिका-भारत ट्रेड डील (America-India Trade Deal) को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी सांसद इस विषय पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहे थे।

बार-बार स्थगित हुई सदन की कार्यवाही

हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से प्रश्नकाल के दौरान व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन शोर-शराबा थमने का नाम नहीं लिया। इसके चलते सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर दोबारा हंगामे के कारण 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही कुल मिलाकर महज पांच मिनट ही चल सकी।

Read More :

#America India Trade Deal News #Appeal News #Breaking News inhindi #Budget News #Hindi News #Latest news #MM Narvane News #Om Birla news #PM Narendra Modi news