हैदराबाद । कमिश्नर टास्क फोर्स (Southwest Zone ) और बंजारा हिल्स थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर अपराधियों (Notorious criminals) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी हैदराबाद, साइबराबाद कमिश्नरेट और महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों में शामिल थे।
आरोपियों के कब्जे से तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद
पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में सैयद फिरोज खान (25), निवासी नांदेड़, महाराष्ट्र, शेख समीर (24), निवासी चंद्रायनगुट्टा, हैदराबाद (मूल निवासी नांदेड़, महाराष्ट्र) शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 21 मोबाइल फोन, एक पल्सर बाइक और 2 धारदार खंजर बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन विभिन्न थानों बंजारा हिल्स, केपीएचबी, कुकटपल्ली और रायडुर्गम में दर्ज मामलों से संबंधित हैं, जबकि 15 मोबाइल फोन ऐसे हैं जिनकी अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
पहले स्क्रैप यार्ड में काम करते थे दोनों आरोपी
बाइक नांदेड़ रूरल थाने में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित पाई गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले स्क्रैप यार्ड में काम करते थे और आपस में मिलकर महंगी जीवनशैली जीने की चाह में चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगे। हैदराबाद और साइबराबाद में ये सुरक्षा गार्डों और कैब चालकों को निशाना बनाते थे, खासकर तब जब वे ड्यूटी के दौरान सो रहे होते थे। इसके अलावा नांदेड़ (महाराष्ट्र) में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, टास्क फोर्स हैदराबाद सिटी, एम. इकबाल सिद्दीकी ने बताया कि आरोपियों ने बंजारा हिल्स, केपीएचबी, कुकटपल्ली, रायडुर्गम और नांदेड़ रूरल थानों में दर्ज कई मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है।
तेलंगाना के विभिन्न थानों में पूर्व में भी कई मामले दर्ज
आरोपी सैयद फिरोज के खिलाफ महाराष्ट्र और तेलंगाना के विभिन्न थानों में पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं। सूचना के आधार पर टास्क फोर्स साउथ वेस्ट ज़ोन टीम ने बंजारा हिल्स पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर आर. वेंकटेश, एसआई जी. विजयानंद, एसआई जी. संध्या रानी और उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :