फ्लोरिडा । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने हमास और ईरान को लेकर एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए हैं। फ्लोरिडा के मार-ए-लागो रिसॉर्ट में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के बाद ट्रंप ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी।
हमास को हथियार डालने की चेतावनी
ट्रंप ने कहा कि अगर हमास ने तय समयसीमा के भीतर हथियार नहीं डाले, तो उसे “भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि हमास को हथियार छोड़ने के लिए बहुत कम समय दिया जाएगा और ऐसा न करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
संघर्षविराम समझौते पर हमास को ठहराया जिम्मेदार
ट्रंप के अनुसार गाजा में संघर्षविराम समझौते को आगे बढ़ाने पर बातचीत हुई है और इजरायल अपने दायित्व निभा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समझौते के दूसरे चरण में हो रही देरी के लिए पूरी तरह हमास (Hamas) जिम्मेदार है।
‘नरक जैसी सजा’ की दी धमकी
राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमास ने हथियार नहीं डाले तो उसे “नरक जैसी सजा” भुगतनी पड़ेगी। हालांकि, इस बयान पर हमास की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
संघर्षविराम के पहले चरण की शर्तें
गौरतलब है कि संघर्षविराम के पहले चरण में बंधकों की अदला-बदली, मानवीय सहायता बढ़ाने और गाजा से इजरायली सेना की आंशिक वापसी का प्रावधान है। इसके बावजूद गाजा में इजरायली हमलों और सहायता पर प्रतिबंध को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।
ईरान को परमाणु कार्यक्रम पर सख्त चेतावनी
ईरान को लेकर ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी हमलों से क्षतिग्रस्त परमाणु ठिकानों के बाद भी तेहरान अपने कार्यक्रम को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा हुआ तो अमेरिका पहले से भी ज्यादा ताकतवर हमले करेगा।
अमेरिका-इजरायल की संयुक्त कार्रवाई के संकेत
ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान की मिसाइल और परमाणु क्षमताओं को निशाना बना सकते हैं। उनके इस बयान से क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
ईरान ने आरोपों को किया खारिज
वहीं ईरान ने ट्रंप के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है और उसका मिसाइल कार्यक्रम उसकी रक्षा नीति का अहम हिस्सा है।
अन्य पढ़े: BNP chief Khaleda Zia : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के संकेत
ट्रंप के इन बयानों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। क्षेत्र में पहले से जारी संघर्षों के बीच यह बयानबाजी हालात को और जटिल बना सकती है।
Read More :