बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samarat Choudhary) शपथ लेने के बाद पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में वह आज नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां उनकी पहली औपचारिक मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से तय मानी जा रही है। इस बैठक को राज्य के विकास और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
पहली मुलाकात पर टिकी नजरें
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में व्यस्त कार्यक्रमों के चलते प्रधानमंत्री कार्यालय से समय नहीं मिल पा रहा था। अब समय मिलने के बाद मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सम्राट चौधरी की पीएम मोदी से पहली मुलाकात होगी, जिस पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं।
शपथ के बाद तेज़ हुई सक्रियता
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ विजेंद्र यादव और विजय चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके थे।
विकास एजेंडे पर हो सकती है चर्चा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात में बिहार के विकास कार्यों, केंद्र से सहयोग और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री पहले ही राज्य को विकसित बनाने के लिए सख्त प्रशासन और संवेदनशील शासन की बात कह चुके हैं।
जनता के बीच सक्रिय दिख रहे सीएम
मुख्यमंत्री बनने के बाद से सम्राट चौधरी लगातार जनता के बीच नजर आ रहे हैं। वे जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान का भरोसा दे रहे हैं। हाल ही में वे एक महिला सम्मेलन में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर खुलकर समर्थन जताया।
अन्य पढ़े: IT सेक्टर में बड़ा झटका, 3 महीनों में 80 हजार छंटनी
महिला मुद्दों पर सख्त रुख
पटना में महिला आरक्षण को लेकर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए अपनी सरकार के रुख को मजबूत बताया।
Read More :