AIADMK : तमिलनाडु की राजनीति में एक और बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा होता दिखाई दे रहा है। मुख्य विपक्षी दल एआईएडीएमके के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पार्टी महासचिव एडप्पाडी पलानीसामी के नेतृत्व के खिलाफ 36 विधायकों ने बगावत का झंडा उठा लिया है।
इन नाराज विधायकों ने पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में गुप्त बैठकें कीं, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद सीवी शन्मुगम को इस बगावत का मुख्य रणनीतिकार माना जा रहा है। हालिया विधानसभा चुनावों में एआईएडीएमके के खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ी है। कई विधायक ईपीएस की कार्यशैली और लगातार चुनावी हार से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं।
खबर है कि बागी विधायक अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम से भी संपर्क में हैं। तमिलनाडु में तेजी से उभर रही इस नई राजनीतिक ताकत की ओर उनका झुकाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। हालांकि एआईएडीएमके अभी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है, इसलिए विजय की पार्टी सीधे गठबंधन को लेकर सतर्क नजर आ रही है। इसी वजह से बागी विधायक पहले अलग गुट बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
अन्य पढ़े: IPL 2026 फाइनल का वेन्यू बदला
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यह गुट नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद और अहम मंत्रालयों की मांग कर रहा है। (AIADMK) हालांकि विजय की पार्टी पहले ही सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या जुटा चुकी है, इसलिए इन विधायकों की सौदेबाजी की ताकत कुछ कम हो गई है। उधर ईपीएस ने डैमेज कंट्रोल के लिए कई दौर की बातचीत की, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। चेन्नई में सीवी शन्मुगम के आवास पर लगातार बैठकों का दौर जारी है।
इस बगावत में एसपी वेलुमणि, सी विजयभास्कर और एमआर विजयभास्कर जैसे बड़े नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे ईपीएस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या एआईएडीएमके में यह असंतोष पार्टी टूटने तक पहुंचेगा या फिर ईपीएस किसी समझौते के जरिए हालात संभाल लेंगे।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :