తెలుగు | Epaper

Bihar- बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा शुरू, जहानाबाद में हथकड़ी में परीक्षा केंद्र पहुंचे दो परीक्षार्थी

Anuj Kumar
Anuj Kumar
Bihar- बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा शुरू, जहानाबाद में हथकड़ी में परीक्षा केंद्र पहुंचे दो परीक्षार्थी

बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा (Intermediate Exam) आज यानी 2 फरवरी से शुरू हो गई है और यह 13 फरवरी तक चलेगी। पहले दिन परीक्षा केंद्रों से कई अजीब और चौंकाने वाले दृश्य सामने आए। छात्रों, शिक्षक और अधिकारियों के लिए यह दिन उत्साह और चुनौती दोनों लेकर आया।

जहानाबाद: हथकड़ी में परीक्षार्थी

जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड स्थित प्रवेशिका उच्च विद्यालय, शकूराबाद परीक्षा केंद्र पर सोमवार को अजीब नजारा देखने को मिला। दो युवक पुलिस कस्टडी (Police Custody) में हथकड़ी लगाए परीक्षा केंद्र पहुंचे। दोनों इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। कड़ी जांच के बाद उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। हथकड़ी में भी छात्रों की आंखों में भविष्य के सपने साफ दिख रहे थे।

बेगूसराय: देर से आने पर छात्राएं रोती नजर आईं

पहली शिफ्ट में बायोलॉजी (Biology) की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने राहत की सांस ली। छात्रों ने कहा कि पेपर आसान और सिलेबस के अनुरूप था। लेकिन सख्ती भी दिखाई दी। सुबह 9 बजे कई केंद्रों पर गेट बंद कर दिए गए, देर से आए छात्रों को प्रवेश नहीं मिला। नालंदा में कुछ छात्रों ने गेट फांदकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया। बेगूसराय में देर से आने पर कई छात्राएं रोती नजर आईं।

पटना और अन्य जिलों में सुरक्षा और सख्ती के नए उपाय

पटना के शास्त्रीनगर केंद्र पर मुस्लिम छात्राओं का हिजाब उतरवाने का मामला सामने आया।
गोपालगंज, पटना और अन्य जिलों में परीक्षार्थियों के जूते उतरवाए गए, ठंड के बावजूद कई छात्रों को नंगे पांव परीक्षा देनी पड़ी। जमुई में छात्रों की बेल्ट भी उतरवाई गई। वहीं, मॉडल परीक्षा केंद्रों पर विशेष इंतजाम दिखे। छात्राओं को टीका लगाकर एंट्री दी गई और कुछ केंद्र बैलून और फूलों से सजाए गए।

Read Also : एयर मार्शल वालिया बने ईस्टर्न एयर कमांड चीफ, रणनीति में अहम भूमिका

परीक्षा का पैमाना और दूसरी पाली

बिहार में कुल 1,762 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा हो रही है। इसमें कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र हैं। दूसरी पाली में इकोनॉमिक्स की परीक्षा आयोजित हुई।

Read More :

📢 For Advertisement Booking: 98481 12870