जगदलपुर। सुरक्षाबलों ने खूंखार नक्सली हिड़मा (Naxli Hidma) को मार गिराने में बड़ी सफलता हासिल की है। मारा गया नक्सली हिड़मा सबसे चर्चित और खतरनाक नक्सली नेताओं में शामिल था। जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश सीमा (chhatisgarh-Andhra Pradesh Border) पर चली मुठभेड़ में 06 नक्सली मारे गए हैं। इनमें हिड़मा और उसकी पत्नी भी शामिल बताए गए हैं। मौत की अधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। वैसे घटनास्थल से सभी नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए और क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन (Searching Operation) जारी है।
सुकमा में दो मोर्चों पर मुठभेड़ जारी
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है। एर्राबोर थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने उनके खिलाफ अभियान शुरू किया था। इसी अभियान के तहत मंगलवार सुबह से सुरक्षाबल और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक नक्सली का शव बरामद किया। इसके अतिरिक्त सुकमा में दूसरी मुठभेड़ 18 नवंबर की सुबह से जारी है। इस भिड़ंत में कई नक्सलियों के घायल होने की सूचना है। सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों ओर से घेरकर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया।
एर्राबोर क्षेत्र में भारी संख्या में नक्सली जुटे थे
दरअसल पुलिस को रात में सूचना मिली थी कि एर्राबोर के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सली एकत्रित हो रहे हैं। इस जानकारी पर डीआरजी जवानों की टीम मौके पर पहुंची तो पहले से मौजूद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की जवाबी कार्रवाई में कई नक्सली घायल हुए। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है।
इस साल अब तक 263 नक्सली ढेर
इस वर्ष छत्तीसगढ़ में हुई विभिन्न मुठभेड़ों में अब तक 263 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 234 बस्तर संभाग में मारे गए, जबकि 27 रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले में मारे गए।
दुर्ग संभाग के मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी जिले में भी मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हुए थे।
दो दिन पहले भी 3 नक्सली मारे गए थे
सुकमा के भेज्जी–चिंतागुफा सीमा क्षेत्र में 16 नवंबर को भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 15 लाख के इनामी तीन नक्सली मार गिराए गए थे। तुमालपाड़ के जंगल में हुई इस कार्रवाई में डीआरजी टीम ने तीन शव और हथियार बरामद किए थे।
Read More :