गुजरात। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले (Surendra Nagar District) में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चोटिला-राजकोट हाईवे पर डामर से भरे ट्रक और निजी लग्जरी बस की टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए राजकोट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टायर फटने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सुरेंद्रनगर के चोटिला स्थित संगानी गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। अहमदाबाद (Ahemdabad) से राजकोट जा रही निजी लग्जरी बस अपने आगे चल रहे डामर से भरे टैंकर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर फटने के कारण वाहन अचानक धीमा हो गया, जिससे पीछे आ रही बस उसमें जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई। डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस एसएस भदौरिया ने बताया कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत
डिप्टी कलेक्टर एचटी मकवाना ने बताया कि हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकोट सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल भेजे गए हैं।
अन्य पढ़े: टॉलीवुड फिल्मों पर राहुल रामकृष्ण की बड़ी टिप्पणी
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Read More :