नई दिल्ली। आयुष मंत्रालय ने भुजंगासन को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए बताया है कि यह योगासन कमर, पीठ (Back) और कंधों को मजबूत बनाने में बेहद लाभकारी माना जाता है। हालांकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इसे गलत तरीके से करने पर शरीर को नुकसान भी पहुंच सकता है। भुजंगासन को ‘कोबरा पोज (Cobra Pose) भी कहा जाता है, क्योंकि इस मुद्रा में शरीर का ऊपरी हिस्सा सांप के फन की तरह ऊपर उठता है।
गलत तरीके से करने पर बढ़ सकता है दर्द
आयुष मंत्रालय के अनुसार कई लोग भुजंगासन (Bhujgangasan) करते समय कुछ सामान्य लेकिन महत्वपूर्ण गलतियां कर बैठते हैं। इनमें कोहनियों को बाहर फैलाना, कंधों को कानों की ओर चढ़ाना, कमर को जरूरत से ज्यादा मोड़ना और नितंबों को अत्यधिक कसना शामिल है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन गलतियों की वजह से कमर, गर्दन और कंधों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे चोट लगने या पुरानी समस्या बढ़ने का खतरा रहता है।
जानिए भुजंगासन करने का सही तरीका
भुजंगासन करने के लिए सबसे पहले पेट के बल सीधे लेट जाएं। पैरों को पीछे की ओर सीधा रखें और हथेलियों को छाती के दोनों तरफ जमीन पर टिकाएं। इसके बाद धीरे-धीरे सांस लेते हुए सिर, गर्दन और छाती को ऊपर उठाएं। योग विशेषज्ञों के मुताबिक इस दौरान रीढ़ और गर्दन को सीधा रखना चाहिए तथा नजर सामने की ओर होनी चाहिए। कंधों को नीचे और पीछे की तरफ रखें, जबकि कोहनियां शरीर के करीब रहें। जांघ, घुटने और पैर जमीन से जुड़े रहने चाहिए।
नियमित अभ्यास से मिलते हैं कई फायदे
विशेषज्ञों के अनुसार सही तरीके से किया गया भुजंगासन कमर और पीठ की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। इससे शरीर में लचीलापन बढ़ता है, पाचन तंत्र बेहतर होता है और बॉडी पोस्चर में सुधार आता है।
यह आसन खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है जो लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं। शुरुआती लोग इस मुद्रा में 10 से 15 सेकंड तक रुक सकते हैं और अभ्यास बढ़ने के साथ समय बढ़ा सकते हैं।
अन्य पढ़े: टॉलीवुड फिल्मों पर राहुल रामकृष्ण की बड़ी टिप्पणी
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी
आयुष मंत्रालय ने सलाह दी है कि जिन लोगों को कमर, गर्दन या कलाई में दर्द की समस्या है, वे यह आसन सावधानी से करें। वहीं गर्भवती महिलाओं को डॉक्टर की सलाह लेने के बाद ही इसका अभ्यास करना चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि योग का पूरा लाभ तभी मिलता है, जब उसे सही तकनीक और शरीर की क्षमता के अनुसार किया जाए। विश्व योग दिवस नजदीक आने के साथ ही मंत्रालय लगातार योगासनों के सही अभ्यास और उनके फायदों की जानकारी साझा कर रहा है।
Read More :