National- भारत ने रचा इतिहास, 12 हजार KM मारक क्षमता वाली ICBM का सफल परीक्षण

Read Time:  1 min
अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल
अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली। भारत ने रणनीतिक रक्षा क्षमता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ओडिशा तट से परमाणु-सक्षम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का सफल परीक्षण किया है। माना जा रहा है कि यह मिसाइल 12 हजार किलोमीटर तक मार करने में सक्षम है। हालांकि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस परीक्षण को भारत की सैन्य ताकत में ऐतिहासिक छलांग माना जा रहा है।

दुनिया के शक्तिशाली देशों की कतार में भारत

अगर भारत पूरी तरह ICBM क्षमता हासिल कर लेता है, तो वह अमेरिका, रूस, चीन और उत्तर कोरिया (North Korea) जैसे देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जिनके पास 12 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें मौजूद हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस क्षमता से भारत की रणनीतिक पहुंच क्षेत्रीय सीमाओं से निकलकर वैश्विक स्तर तक पहुंच जाएगी।

अग्नि-6 को लेकर तेज हुई चर्चा

यह परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में डीआरडीओ प्रमुख समीर वी कामत ने कहा था कि अग्नि-6 परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सभी तकनीकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सरकार की अनुमति मिलते ही अगला कदम उठाया जाएगा। इसके बाद भाजपा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अग्नि-6 को भारत की सैन्य शक्ति का नया प्रतीक बताया था। पार्टी ने कहा था कि 10 हजार किलोमीटर से अधिक मारक क्षमता और MIRV तकनीक से लैस अग्नि-6 भारत को वैश्विक महाशक्तियों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा करेगी।

परमाणु प्रतिरोधक क्षमता होगी और मजबूत

विशेषज्ञों का मानना है कि परमाणु-सक्षम ICBM तकनीक का मतलब केवल लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता नहीं, बल्कि दुश्मन को पहले परमाणु हमला करने से रोकने की रणनीतिक ताकत भी है। यह तकनीक किसी भी परमाणु हमले का जवाब देने की क्षमता प्रदान करती है और देश की प्रतिरोधक शक्ति को कई गुना बढ़ाती है।

भारत ने विकसित की नई ग्लाइड हथियार प्रणाली

भारत ने हाल ही में ऐसी स्वदेशी ग्लाइड हथियार प्रणाली भी विकसित की है, जो बिना दिशा-निर्देशन वाले वॉरहेड को सटीक लक्ष्य भेदने वाले स्मार्ट हथियार में बदल सकती है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, डीआरडीओ और भारतीय वायु सेना ने ओडिशा तट से टैक्टिकल एडवांस्ड रेंज ऑग्मेंटेशन हथियार का सफल परीक्षण किया है। यह तकनीक भारत को उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल करती है जिनके पास अत्याधुनिक स्टैंड-ऑफ हथियार प्रणाली मौजूद है।

अन्य पढ़े: सुपर अल-नीनो से एशिया में तबाही की आशंका, वैज्ञानिकों ने किया आगाह

वैश्विक मिसाइल ताकतों में कौन आगे?

दुनिया में रूस के पास RS-28 Sarmat और R-29RMU2.1 Layner जैसी लंबी दूरी की मिसाइलें हैं, जिनकी रेंज 12 हजार किलोमीटर से अधिक है। चीन की DF-41 मिसाइल 15 हजार किलोमीटर तक मार करने में सक्षम मानी जाती है। वहीं अमेरिका के पास LGM-30G Minuteman III और नई LGM-35 Sentinel जैसी अत्याधुनिक ICBM प्रणाली है। उत्तर कोरिया भी 10 से 15 हजार किलोमीटर रेंज वाली मिसाइलों का परीक्षण कर चुका है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।