कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए शुभेंदु अधिकारी (Shubhendu Adhikari) आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। भाजपा इसे बंगाल की राजनीति में नए युग की शुरुआत मान रही है।
विधायक दल की बैठक में लगी मुहर
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Sah) की मौजूदगी में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई, जिसमें शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। शुभेंदु अधिकारी अब पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री और राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
शपथ समारोह में जुटेंगे देशभर के दिग्गज
ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और विभिन्न क्षेत्रों की नामी हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। उद्योग जगत से संजय बुधिया और सज्जन भजंका जैसे बड़े कारोबारी समारोह में शामिल होंगे। वहीं सांस्कृतिक जगत से अभिनेत्री ममता शंकर और टॉलीवुड की कई हस्तियां कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।
बंगाल में ‘डबल इंजन’ सरकार पर जोर
भाजपा नेताओं ने इसे बंगाल में विकास की नई शुरुआत बताया है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और अब राज्य में विकास तथा मजबूत कानून-व्यवस्था का दौर शुरू होगा।
वहीं यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि “40 साल की काली रात के बाद बंगाल में नया सवेरा आया है।” उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी।
लोक संस्कृति की भी दिखेगी झलक
शपथ ग्रहण समारोह में बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को भी खास जगह दी गई है। कार्यक्रम में पुरुलिया छऊ नर्तकों की विशेष प्रस्तुति होगी। रंग-बिरंगे मुखौटों और पारंपरिक नृत्य शैली के लिए प्रसिद्ध यह लोकनृत्य समारोह का आकर्षण रहेगा।
पूर्वी मेदिनीपुर में जश्न का माहौल
शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके गृह जिला पूर्वी मेदिनीपुर में भारी उत्साह है। जिले के कई स्थानों पर बड़े स्क्रीन लगाए गए हैं ताकि लोग लाइव शपथ ग्रहण समारोह देख सकें। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जश्न की तैयारियां की हैं। शुभेंदु अधिकारी के पिता और वरिष्ठ नेता शिशिर अधिकारी भी बेटे की उपलब्धि पर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार और राज्य के लिए गर्व का क्षण है।
अन्य पढ़े: क्षेत्रीय संगीत का बढ़ता दबदबा
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ब्रिगेड ग्राउंड में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पूरे मैदान को 35 सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। कोलकाता पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल भी तैनात हैं। ड्रोन कैमरों से पूरे परिसर पर नजर रखी जा रही है ताकि समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
Read More :