नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने मार्च 2026 के आखिर तक कुल 7 अंतरिक्ष मिशन लॉन्च करने का रोडमैप तैयार कर लिया है। इनमें गगनयान (Gaganyan) कार्यक्रम के तहत पहला मानवरहित मिशन भी शामिल है। यह जानकारी इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने साझा की।
गगनयान : पहला मानवरहित मिशन जी-1 मार्च 2026 तक
इसरो प्रमुख ने बताया कि गगनयान कार्यक्रम के तहत मानवयुक्त उड़ान से पहले तीन मानवरहित मिशन भेजे जाएंगे।
- इनमें से पहला जी-1 मिशन मार्च 2026 तक लॉन्च होने की संभावना है।
- नारायणन ने कहा, “गगनयान कार्यक्रम अच्छी गति से आगे बढ़ रहा है। सभी उपकरण श्रीहरिकोटा पहुंच चुके हैं और उनका संयोजन जारी है।”
7 बड़े प्रक्षेपणों की योजना तैयार
वी. नारायणन ने बताया कि मार्च 2026 से पहले कुल सात प्रक्षेपणों की योजना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप है, जिसके तहत इसरो अगले पांच वर्षों में 50 रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने कहा, “इस वित्त वर्ष के अंत तक सात लॉन्च करने का लक्ष्य है, जो मार्च 2026 तक पूरे होंगे।”
एलवीएम3 के बाद होंगे कई प्रमुख लॉन्च
- हाल ही में सफल एलवीएम3-एम05 प्रक्षेपण के बाद अब इसरो एक और एलवीएम3 रॉकेट लॉन्च करेगा, जो वाणिज्यिक संचार उपग्रह को अंतरिक्ष में स्थापित करेगा।
- इसके बाद तीन पीएसएलवी मिशन प्रक्षेपित होंगे। इनमें से एक एनएसआईएल (NewSpace India Limited) के ग्राहक उपग्रह के लिए होगा।
- इसरो पीएसएलवी-एन1 टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट मिशन भी लॉन्च करेगा, जिसे चालू वित्त वर्ष के अंदर पूरा करने का लक्ष्य है।
जीएसएलवी-एफ17 भी होगा लॉन्च प्लान में शामिल
इसरो प्रमुख ने बताया कि मार्च 2026 से पहले जीएसएलवी-एफ17 मिशन को भी प्रक्षेपित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस समय अंतरिक्ष कार्यक्रम के कई मोर्चों पर बड़ी प्रगति हो रही है।
Read More :