Bihar- 31 साल पुराने मामले में आधी रात को सांसद पप्पू यादव पटना में गिरफ्तार

Read Time:  1 min
सांसद पप्पू यादव
सांसद पप्पू यादव
FONT SIZE
GET APP

बिहार की राजनीति में शुक्रवार की रात अचानक उबाल आ गया। पूर्णिया (Purnia) से सांसद और जन अधिकार पार्टी के प्रमुख राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (Rajesh ranjana Alias Pappu Yadav) को पटना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई जब शहर नींद की ओर बढ़ रहा था, लेकिन उत्तरी मंदिरी इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने माहौल को हाई-वोल्टेज बना दिया।

31 साल पुराने विवाद में हुई कार्रवाई

पुलिस की यह कार्रवाई किसी नए मामले में नहीं, बल्कि साल 1995 के एक पुराने केस से जुड़ी है। दशकों पुराने इस विवाद में अचानक हुई गिरफ्तारी ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

दो घंटे तक चला ड्रामा, फिर हुई गिरफ्तारी

पुलिस टीम रात करीब 9.45 बजे पप्पू यादव के उत्तरी मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची। गिरफ्तारी वारंट (Arrested Warant) दिखाने की मांग को लेकर समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कोर्ट का आदेश दिखाया, जिसके बाद करीब दो घंटे की तनातनी के बाद गिरफ्तारी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई।

तबीयत खराब होने का हवाला, आईजीआईएमएस ले जाया गया

गिरफ्तारी के दौरान सांसद ने अस्वस्थ होने की बात कही। इसके बाद पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस लेकर गई। पुलिस का कहना है कि डॉक्टरों की निगरानी में आवश्यक जांच कराई जा रही है।

गाड़ी में बैठते ही भावुक हुए सांसद

पुलिस जब पप्पू यादव को स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर ले जा रही थी, उस दौरान वे भावुक नजर आए और लड़खड़ाते हुए चलते दिखे। यह दृश्य देखते ही समर्थकों का गुस्सा भड़क उठा।

सड़क पर लेटे समर्थक, नारेबाजी से माहौल गरमाया

गिरफ्तारी के विरोध में कई समर्थक पुलिस वाहन के सामने सड़क पर लेट गए और जमकर नारेबाजी की। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस वाहन को आगे बढ़ाया गया।

क्या है 1995 का मामला

पुलिस के अनुसार यह मामला गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 552/95 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि उनका मकान धोखाधड़ी से किराए पर लिया गया और बाद में उसे पप्पू यादव के कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया गया।

कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी कार्रवाई

इस मामले में लंबे समय से अदालती सुनवाई चल रही थी। हाल ही में एमपी-एमएलए कोर्ट ने संपत्ति कुर्की का आदेश जारी किया था। बार-बार समन के बावजूद पेश नहीं होने पर कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

‘राजनीतिक साजिश का शिकार हूं’

गिरफ्तारी से पहले पप्पू यादव ने कहा कि वे लोकसभा सत्र के बाद कोर्ट के सम्मान में दिल्ली से पटना आए थे। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए कहा कि नीट छात्रा के मामले में उनकी सक्रियता से कुछ लोग असहज हो गए हैं।

अन्य पढ़े: DGP : ऑल इंडिया पुलिस फुटबॉल चैंपियनशिप की तैयारी, डीजीपी ने की समीक्षा

पुलिस का पक्ष: कानून के तहत हुई कार्रवाई

आईजीआईएमएस में मौजूद सिटी एसपी मध्य भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी पूरी तरह कोर्ट के वारंट के आधार पर की गई है। सांसद की दवाइयां और एक केयरटेकर साथ रखे गए हैं। मेडिकल जांच के बाद उन्हें थाने ले जाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। हत्या की साजिश जैसे आरोपों को उन्होंने निराधार बताया और कहा कि पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।