अनुगुल/झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिला में रविवार तड़के एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया। ड्यूटी पर जा रही पुलिस की बोलेरो वाहन (Police Bolero Vichle) को तेज रफ्तार ट्रेलर ने आमने-सामने टक्कर मार दी, जिससे पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना झारसुगुड़ा (Jharsuguda) सदर थाना के सामने हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आमने-सामने की टक्कर, मौके पर मचा कोहराम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलिस वाहन नियमित गश्ती ड्यूटी (Duty) पर था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे सीधी टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
कर्तव्य पथ पर शहीद हुए जवान
इस दुर्घटना में एपीआर जवान काशीराम भोई और देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ तथा होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान हुई इस दुखद घटना से पुलिस विभाग और आम नागरिकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
तीन जवानों की हालत गंभीर
हादसे में दो एपीआर जवान और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है।
अन्य पढ़े: Bengaluru : बेंगलुरु में महिला टेक्नीशियन की हत्या का सनसनीखेज मामला
चालक हिरासत में, जांच शुरू
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है। कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
Read More :