National : ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी मामले में प्रोफेसर गिरफ्तार

Read Time:  1 min
FONT SIZE
GET APP

हरियाणा के एक प्रोफेसर ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिसके बाद आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी.

हरियाणा के सोनीपत में एक निजी विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्य कर रहे अली खान महमूदाबाद को 18 मई को गिरफ्तार किया गया है. हाल ही में महमूदाबाद ने भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची. जिसके बाद भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महमूदाबाद को दिल्ली से आज गिरफ्तार कर लिया.

महिला आयोग ने भेजा था नोटिस

महमूदाबाद पर आरोप है कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इससे पहले 12 मई को महमूदाबाद को हरियाणा राज्य की महिला आयोग ने एक नोटिस भी भेजा था. इस नोटिस के माध्यम से आयोग ने उनसे उनकी टिप्पणियों के लिए स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन उन्होंने उस समय नोटिस का जवाब नहीं दिया था.

महमूदाबाद की प्रतिक्रिया

महमूदाबाद का कहना है कि आयोग ने उनकी टिप्पणी को ‘‘गलत तरीके से पढ़ा’’ है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक और पोस्ट शेयर करके लिखा कि, “मुझे आश्चर्य है कि महिला आयोग ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर मेरे पोस्ट को इस हद तक गलत तरीके से पढ़ा और समझा. साथ ही मेरे बयान का अर्थ ही बदल दिया.”

भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था, जिसके तहत आतंकवादियों के कुल 9 ठिकानों पर निशाना बनाकर नष्ट कर दिया गया था. इस घटना को लेकर 7 मई के आस-पास महमूदाबाद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर एक बयान जारी किया था, जिसने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई.

Read more : पीएम मोदी ने पूर्व पीएम देवेगौड़ा को 92वें जन्मदिन पर दी बधाई

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।