नई दिल्ली। गोवा के चर्चित नाइटक्लब अग्निकांड मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GSPCB) के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (CM Pramod Sawant) ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट के आधार पर अन्य विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को भी जल्द कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। सरकार इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
6 दिसंबर की रात हुआ था भीषण हादसा
गौरतलब है कि 6 दिसंबर की रात उत्तरी गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में पर्यटकों और क्लब स्टाफ समेत कुल 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य झुलस गए थे। घटना के बाद राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।
अब तक कुल पांच अधिकारी निलंबित
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि इस अग्निकांड में अब तक कुल पांच अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। हादसे के अगले ही दिन जिन तीन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी, उनमें तत्कालीन पंचायत निदेशक सिद्धि तुषार हरलंकर, गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तत्कालीन सदस्य सचिव डॉ. शमिला मोंटेइरो और ग्राम पंचायत अरपोरा-नागोआ के तत्कालीन सचिव रघुवीर बागकर शामिल हैं। अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दो और अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है।
अन्य पढ़े: विजय हजारे ट्रॉफी का ऐतिहासिक आगाज़
पुलिस कार्रवाई भी तेज, 8 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में गोवा पुलिस (Goa Police) ने भी सख्त रुख अपनाया है। अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें नाइटक्लब के तीन मालिक भी शामिल हैं। पुलिस की जांच अभी जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट जल्द होगी सार्वजनिक
सीएम प्रमोद सावंत ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अग्निकांड को लेकर तैयार की गई मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट सरकार को मिल चुकी है और इसे जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो यह अग्निकांड गोवा के पर्यटन और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल बनकर सामने आया है, जिसे लेकर राज्य सरकार अब जवाबदेही तय करने के मूड में दिख रही है।
Read More :