नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले एक अहम अपडेट सामने आया है। सोमवार (4 मई) को जहां पूरे राज्य की 294 में से 293 सीटों पर मतगणना होगी, वहीं एक सीट पर काउंटिंग (Counting) टाल दी गई है।
293 सीटों पर ही होगी मतगणना
दो चरणों में संपन्न हुए इन चुनावों की मतगणना 4 मई को की जाएगी। हालांकि, दक्षिण 24 परगना जिले की फालता विधानसभा सीट पर चुनावी प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण यहां वोटों की गिनती फिलहाल नहीं होगी।
फालता सीट पर दोबारा मतदान का फैसला
चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान गंभीर गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा के आरोपों को देखते हुए फालता सीट पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।
21 मई को होगा री-पोल
आयोग के निर्देशानुसार, फालता विधानसभा क्षेत्र (Falta Assembly Area) के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे ताकि मतदान निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके।
24 मई को होगी काउंटिंग
फालता सीट पर दोबारा मतदान के बाद 24 मई को वोटों की गिनती की जाएगी। इस वजह से 4 मई को केवल 293 सीटों के ही नतीजे घोषित होंगे।
अन्य क्षेत्रों में भी हुआ पुनर्मतदान
इससे पहले शनिवार को पश्चिम मगराहाट और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर भी पुनर्मतदान कराया गया था।
फालता में कांटे की टक्कर
फालता सीट पर तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान, भाजपा के देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला और सीपीआई(एम) के शंभू नाथ कुर्मी के बीच मुकाबला है।
गड़बड़ियों के गंभीर आरोप
चुनाव आयोग के अनुसार, पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथों के भीतर अनाधिकृत मौजूदगी और ईवीएम से छेड़छाड़ जैसे आरोप सामने आए हैं।
ईवीएम में गड़बड़ी का दावा
वोटिंग के दिन भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने आरोप लगाया था कि फलता के एक बूथ पर ईवीएम का बटन टेप से ढका हुआ था। केंद्रीय बलों के हस्तक्षेप के बाद टेप हटाकर दोबारा मतदान शुरू कराया गया।
अन्य पढ़े: नेपाल में अमेरिकी दूत की दस्तक
नतीजों पर टिकी सबकी नजर
अब राज्य की सियासत की दिशा तय करने वाले नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं, जबकि फालता सीट का फैसला बाद में आएगा।
Read More :