T 20 World Cup-भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में, 5 मार्च को इंग्लैंड से मुकाबला

By Anuj Kumar | Updated: March 2, 2026 • 12:26 AM

नई दिल्ली। कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान पर रविवार को भारतीय बल्लेबाजों (Indian Batsman) ने रनों की ऐसी बरसात की, जिसने वर्चुअल क्वार्टरफाइनल जैसे मुकाबले को यादगार बना दिया। लंबे समय तक बेंच पर बैठने के बाद मिले मौके को भुनाते हुए संजू सैमसन (97*) ने मैच विनिंग पारी खेली और भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया। सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा।

196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच जीत लिया। यह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा।

वेस्टइंडीज की दमदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज (Westindies) ने मजबूत शुरुआत की। नई ओपनिंग जोड़ी शाई होप और रोस्टन चेज ने पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 53 गेंदों पर 68 रन की साझेदारी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने शाई होप (32) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद वेस्टइंडीज की रनगति और तेज हो गई।

बुमराह की घातक गेंदबाजी से भारत की वापसी

12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने दो बड़े झटके देकर मैच का रुख मोड़ दिया। उन्होंने शिमरोन हेटमायर (27) और रोस्टन चेज (40) को पवेलियन भेजा। चेज को इससे पहले एक जीवनदान मिला था, जब अभिषेक शर्मा ने उनका आसान कैच छोड़ दिया था।

15वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने शेरफेन रदरफोर्ड (14) को आउट किया। हालांकि अंत के ओवरों में रोवमैन पॉवेल (34*) और जेसन होल्डर (37*) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को 20 ओवर में 195/4 तक पहुंचा दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की लड़खड़ाती शुरुआत

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा (10) और ईशान किशन (10) बड़े शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 35 गेंदों पर 58 रन की साझेदारी हुई। हालांकि सूर्यकुमार 18 रन बनाकर चलते बने।

संजू का धमाका, तिलक का साथ

दबाव के बीच संजू सैमसन ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। तिलक वर्मा (27) ने भी अहम साझेदारी निभाई। दोनों के बीच 26 गेंदों पर 42 रन जुड़े। मध्य ओवरों में रन गति थोड़ी धीमी हुई, लेकिन 13वें ओवर में 17 रन आने के बाद भारत ने फिर लय पकड़ ली। तिलक के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या (17) ज्यादा देर टिक नहीं सके।

शतक से चूके, लेकिन जीत दिला गए संजू

संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वह शतक से महज 3 रन दूर रह गए, लेकिन टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। शिवम दुबे ने अंत में 4 गेंदों पर 8* रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की।

अन्य पढ़े: अभिषेक की समझदारी भरी पारी पर सुनील गावस्कर ने जताई खुशी

टीम मैनेजमेंट का फैसला साबित हुआ सही

टूर्नामेंट की शुरुआत में संजू को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी। लेकिन अहम मुकाबले में मौका मिलने पर उन्होंने खुद को साबित किया। सुपर-8 में पहले मैच में हार के बाद टीम में किए गए बदलावों का असर साफ दिखा। अब सेमीफाइनल में भारत की नजर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाने पर होगी।

Read More :

# England news # India semifinal Match News # Team India news #Breaking News in Hindi #Bumrah News #Hindi News #Indian Batsman News #Kolkatta news #Latest news #Sanju Saimson news