नई दिल्ली । अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने दमदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) अब सीनियर क्रिकेट के मंच पर खुद को साबित करने की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। इसी माह वह मुंबई में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट (D Y Patil T20 Turnament) में खेलते नजर आ सकते हैं।
डीवाई पाटिल टूर्नामेंट से सीनियर क्रिकेट में एंट्री
23 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में नवी मुंबई में मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में करीब 16 टीमें हिस्सा लेती हैं और इसमें देश-विदेश के कई नामी खिलाड़ी भी शिरकत करते हैं। माना जा रहा है कि वैभव किसी एक मजबूत टीम की ओर से मैदान में उतर सकते हैं, जिससे उन्हें सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलने का अहम अनुभव मिलेगा।

आईपीएल से पहले अहम मौका
यह टूर्नामेंट वैभव के लिए खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि इसके बाद आईपीएल का आयोजन होना है। डीवाई पाटिल टी20 में खेलने से उन्हें आईपीएल जैसी बड़ी लीग के दबाव और माहौल में खुद को ढालने का मौका मिलेगा।
राजस्थान रॉयल्स के कैंप में कर रहे अभ्यास
फिलहाल वैभव नागपुर के पास तालेगांव में मौजूद हैं, जहां राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का प्रैक्टिस कैंप चल रहा है। इस शिविर में वह फिटनेस और तकनीकी अभ्यास पर ध्यान दे रहे हैं। यह कैंप 21 फरवरी तक चलेगा, जिसके बाद वैभव पटना लौटेंगे।
प्रमोशनल इवेंट और सम्मान की तैयारी
पटना में वैभव एक प्रमोशनल इवेंट में भी शामिल होंगे। चर्चा है कि उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यहां एक कार उपहार में दी जा सकती है। इसके बाद वह सीधे मुंबई रवाना होंगे और डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट की तैयारियों में जुट जाएंगे।

अन्य पढ़े: दलाई लामा के खिलाफ चीनी प्रोपेगेंडा बेनकाब
देश का प्रतिष्ठित घरेलू टी20 टूर्नामेंट
गौरतलब है कि डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित घरेलू टी20 टूर्नामेंट्स में से एक है, जिसकी शुरुआत 2003 में हुई थी। पिछले वर्षों में इसमें क्रुणाल पंड्या, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, नेहल वढेरा, दीपक चाहर जैसे कई बड़े नाम खेल चुके हैं। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी का इस टूर्नामेंट में उतरना उनके करियर के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Read More :