ईर्लापल्ली शंकर ने ओबीसी सेल के चेयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण किया
हैदराबाद। गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ईर्लापल्ली शंकर (Erlapalli Shankar) ने ओबीसी सेल के चेयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर धनलक्ष्मी और केतुरी वेंकटेश ने कन्वीनर के रूप में जिम्मेदारियां संभालीं। इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टीपीसीसी अध्यक्ष एवं एमएलसी महेश कुमार गौड़, एआईसीसी सचिव व तेलंगाना सह प्रभारी सचिन सावंत, मंत्री पोनम प्रभाकर, वाकिटी श्रीहरि, सरकारी व्हिप आदि श्रीनिवास, बीरला इलैया, पूर्व ओबीसी सेल चेयरमैन नूति श्रीकांत गौड़ सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान टीपीसीसी अध्यक्ष एवं एमएलसी महेश कुमार गौड़ ने भाजपा (BJP) और बीआरएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि क्या भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव, पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) और के. टी. रामाराव (केटीआर) में यह कहने का साहस है कि राज्य में एक पिछड़ा वर्ग (बीसी) मुख्यमंत्री बनेगा।

भाजपा नेता बीसी विरोधी
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता बीसी विरोधी हैं और केवल धार्मिक मुद्दों की बात करते हैं, जबकि पिछड़े वर्गों के वास्तविक मुद्दों की अनदेखी करते हैं। महेश कुमार गौड़ ने कहा कि यदि बीसी समाज में एकता नहीं होगी तो कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में कांग्रेस पार्टी से बीसी मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन में 65 प्रतिशत पद बीसी वर्ग को दिए गए हैं, जबकि 60 प्रतिशत डीसीसी अध्यक्ष पद एससी, एसटी और बीसी वर्ग को आवंटित किए गए हैं। साथ ही 67 प्रतिशत बीसी सरपंचों की जीत भी कांग्रेस की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी’ के नारे के अनुरूप स्थानीय निकाय चुनावों में टिकटों का वितरण किया गया।
जाति सर्वे कर आधिकारिक आंकड़े देने वाला तेलंगाना देश के लिए रोल मॉडल
लगभग 90 वर्षों बाद जाति सर्वे कर आधिकारिक आंकड़े देने वाला तेलंगाना देश के लिए रोल मॉडल बना है। बीसी के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा कर उसे कानूनी रूप दिया गया है, जबकि आरक्षण बिल राज्यपाल के पास लंबित है, जिस पर भाजपा को जवाब देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने देश में कई राज्यों को बीसी मुख्यमंत्री और राज्यपाल दिए हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में ही बीसी वर्ग को न्याय मिल सकता है। बीआरएस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केसीआर ने दस वर्षों के शासन में राज्य को कर्ज के बोझ में डाल दिया और स्वयं फार्महाउस तक सीमित हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस शासन में धान खरीद में घोटाले हुए, जबकि वर्तमान सरकार का ‘सन्ना चावल’ कार्यक्रम ऐतिहासिक पहल है।

महेश कुमार गौड़ ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस पार्टी 100 सीटों के साथ फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में परिसीमन (डिलिमिटेशन) होता है, तो कांग्रेस 140 से अधिक सीटें जीतने की क्षमता रखती है। कार्यक्रम में उन्होंने ईर्लापल्ली शंकर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ओबीसी सेल और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी को मजबूती मिलेगी।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :