हैदराबाद । भारतीय जनता पार्टी (BJP ) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने कांग्रेस, बीआरएस और एआईएमआईएम पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस के बीच अवैध राजनीतिक समझौता है और एआईएमआईएम इन दोनों पार्टियों के बीच सेतु का काम कर रही है। बंडी संजय ने कहा कि करीमनगर (Karimnagar) नगर निगम में जनता ने स्पष्ट जनादेश बीजेपी के पक्ष में दिया है।
बीजेपी को बहुमत के करीब सीटें मिलीं : बंड़ी संजय
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, सुशासन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण बीजेपी को बहुमत के करीब सीटें मिलीं और निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से पार्टी ‘मैजिक फिगर’ पार कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, बीआरएस और एआईएमआईएम मिलकर भी 26 सीटों से आगे नहीं बढ़ पाईं, लेकिन अब मेयर पद बीजेपी को न मिले इसके लिए तीनों दल एकजुट हो रहे हैं। संजय ने कहा कि यह जनता के जनादेश का अपमान है और करीमनगर की जनता ऐसे ‘गिरते स्तर की राजनीति’ को बर्दाश्त नहीं करेगी। बीजेपी नेता ने दावा किया कि बीआरएस के कुछ पार्षदों को कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं।
बीजेपी पार्षदों को प्रलोभन देने की कोशिश
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी पार्षदों को प्रलोभन देने की कोशिश की जा रही है, जिसे पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह, 4000 रुपये पेंशन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाए और युवाओं को रोजगार जैसे वादे अधूरे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वादे पूरे नहीं किए गए तो बीजेपी जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी। संजय ने कहा कि करीमनगर में स्मार्ट सिटी और अन्य केंद्रीय योजनाओं के तहत लगभग 1400 करोड़ रुपये आए हैं और इसका लाभ शहर को मिला है। उन्होंने दोहराया कि आगामी चुनावों में बीजेपी सत्ता में आएगी और बीआरएस के साथ किसी भी तरह का गठबंधन करने का सवाल ही नहीं उठता।
एआईएमआईएम का जनाधार खत्म हो चुका है : केन्द्रीय मंत्री
एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार खत्म हो चुका है और वह केवल सत्ता के लिए राजनीतिक खेल खेल रही है। प्रेस वार्ता में पार्टी के अन्य प्रदेश नेताओं और पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस-बीआरएस पर मिलीभगत का आरोप लगाया और दावा किया कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनावों में भी बीजेपी अपनी ताकत दिखाएगी। बीजेपी ने स्पष्ट किया कि वह जनता के जनादेश की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक कदम उठाएगी और करीमनगर को राजनीतिक साजिशों का केंद्र नहीं बनने देगी।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :